झारखंड के 6 शहरों में हवाई सेवा विस्तार को मिली रफ्तार, एयरपोर्ट विकास पर ₹122.04 करोड़ खर्च

रांची: झारखंड में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय की क्षेत्रीय संपर्क योजना (UDAN) के तहत राज्य के छह शहरों में एयरपोर्ट विकास और हवाई सेवाओं के विस्तार की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। राज्यसभा में सांसद परिमल नथवाणी के सवाल के जवाब में नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने बताया कि झारखंड के बोकारो, दुमका, जमशेदपुर, हजारीबाग, देवघर और डाल्टनगंज को योजना के तहत शामिल किया गया है।
मंत्री ने जानकारी दी कि जमशेदपुर और देवघर एयरपोर्ट पहले से परिचालन में हैं, जबकि बोकारो और दुमका एयरपोर्ट का विकास कार्य पूरा हो चुका है। वहीं हजारीबाग और डाल्टनगंज एयरपोर्ट के विकास में भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण काम आगे नहीं बढ़ पाया है। सरकार के अनुसार, झारखंड में एयरपोर्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए ₹122.04 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई थी, जिसमें से अब तक ₹117.61 करोड़ खर्च किए जा चुके हैं।
केंद्र सरकार ने यह भी बताया कि संशोधित उड़ान योजना के तहत अगले 10 वर्षों में देशभर में 120 नए गंतव्यों को जोड़ने और करीब 4 करोड़ यात्रियों को हवाई यात्रा की सुविधा देने का लक्ष्य रखा गया है। इससे झारखंड जैसे राज्यों में क्षेत्रीय हवाई संपर्क को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। सरकार का मानना है कि एयरपोर्ट नेटवर्क के विस्तार से पर्यटन, उद्योग, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, साथ ही लोगों की यात्रा पहले से अधिक आसान और तेज़ होगी।

