Airport Development झारखंड में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय की क्षेत्रीय संपर्क योजना (UDAN) के तहत राज्य के छह शहरों में एयरपोर्ट विकास और हवाई सेवाओं के विस्तार की प्रक्रिया तेज कर दी गई है । राज्यसभा में सांसद परिमल नथवाणी के सवाल के जवाब में नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने बताया कि झारखंड के बोकारो, दुमका, जमशेदपुर, हजारीबाग, देवघर और डाल्टनगंज को योजना के तहत शामिल किया गया है ।
मंत्री ने जानकारी दी कि जमशेदपुर और देवघर एयरपोर्ट पहले से परिचालन में हैं, जबकि बोकारो और दुमका एयरपोर्ट का विकास कार्य पूरा हो चुका है । वहीं हजारीबाग और डाल्टनगंज एयरपोर्ट के विकास में भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण काम आगे नहीं बढ़ पाया है ।
सरकार के अनुसार, झारखंड में एयरपोर्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए ₹122.04 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई थी, जिसमें से अब तक ₹117.61 करोड़ खर्च किए जा चुके हैं। यह राशि UDAN योजना के तहत राज्य के छह एयरपोर्टों के विकास और आधुनिकीकरण पर खर्च की गई है।
केंद्र सरकार ने यह भी बताया कि संशोधित UDAN योजना के तहत अगले 10 वर्षों में देशभर में 120 नए गंतव्यों को जोड़ने और करीब 4 करोड़ यात्रियों को हवाई यात्रा की सुविधा देने का लक्ष्य रखा गया है । इससे झारखंड जैसे राज्यों में क्षेत्रीय हवाई संपर्क को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। UDAN योजना के तहत अब तक देशभर में 679 रूट संचालित किए जा चुके हैं, जो 95 एयरपोर्ट, हेलीपोर्ट और वॉटर एयरोड्रोम को जोड़ते हैं । 3.58 लाख से अधिक उड़ानों के माध्यम से 1.68 करोड़ से अधिक यात्रियों को इस योजना का लाभ मिला है।
सरकार का मानना है कि एयरपोर्ट नेटवर्क के विस्तार से पर्यटन, उद्योग, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, साथ ही लोगों की यात्रा पहले से अधिक आसान और तेज़ होगी। UDAN योजना के तहत 100 नए एयरपोर्ट और 200 आधुनिक हेलीपैड विकसित करने की भी योजना है, जिससे देश के दूरदराज के क्षेत्रों में हवाई सेवाओं का विस्तार होगा ।
बाहरी संसाधन
- नागरिक उड्डयन मंत्रालय, भारत सरकार: https://www.civilaviation.gov.in
- UDAN योजना की आधिकारिक जानकारी: https://www.pib.gov.in


