RTE Admission 2026: रांची में 25% आरक्षित सीटों पर दूसरे चरण की ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया शुरू

0
43
Share This Post

27 जुलाई से 2 अगस्त तक होंगे आवेदन, केवल पहले चरण के पात्र अभ्यर्थी ही ले सकेंगे भाग। 5 अगस्त को ऑनलाइन लॉटरी से होगा चयन।

रांची: शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) 2009 की धारा 12(1)(C) के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश कक्षा की 25 प्रतिशत आरक्षित रिक्त सीटों पर नामांकन के लिए दूसरे चरण की ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू की जा रही है। यह प्रक्रिया उन सीटों के लिए होगी जो पहले चरण के प्रवेश के बाद भी खाली रह गई हैं। शिक्षा विभाग के अनुसार, पहले चरण में अभिवंचित समूह एवं कमजोर वर्ग के बच्चों का नामांकन पूरा किया जा चुका है। इसके बावजूद कई निजी विद्यालयों में आरक्षित सीटें रिक्त रह गई हैं। अब इन सीटों को भरने के लिए दूसरा चरण आयोजित किया जाएगा।

दूसरे चरण के लिए ऑनलाइन आवेदन 27 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक www.rteranchi.in पर स्वीकार किए जाएंगे। इस चरण में नए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। केवल वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे जिन्होंने पहले चरण में आवेदन किया था और जांच के बाद पात्र पाए गए हैं। अभिभावक अपने लॉगिन आईडी के माध्यम से वेबसाइट पर उपलब्ध विद्यालयवार रिक्त सीटों की सूची देखकर अधिकतम तीन विद्यालयों का चयन कर सकेंगे। विद्यालयों का चयन निर्धारित दूरी सीमा 1 किलोमीटर, 3 किलोमीटर और अधिकतम 6 किलोमीटर के दायरे में करना होगा। आवेदन के दौरान घर से विद्यालय की दूरी भी दर्ज करनी होगी।

दूसरे चरण की ऑनलाइन लॉटरी 5 अगस्त 2026 को समाहरणालय ब्लॉक, रांची में आयोजित की जाएगी। चयन प्रक्रिया पूरी तरह दूरी के आधार पर की जाएगी।

शिक्षा विभाग ने सभी पात्र अभिभावकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन पूरा करने की अपील की है। अधिक जानकारी और विद्यालयवार रिक्त सीटों की सूची www.rteranchi.in पर उपलब्ध है। आवेदन प्रक्रिया से संबंधित किसी भी सहायता के लिए कार्यालय समय में अनिल कुमार (9570982798) से संपर्क किया जा सकता है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here