SIR को लेकर अफवाहों से रहें सावधान, भ्रामक दावों पर भरोसा न करें: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी

0
80
Share This Post

सीईओ के. रवि कुमार ने सोशल मीडिया पर फैल रही गलत सूचनाओं का किया खंडन, 22 जुलाई को BLO और BLA-2 की अंतिम बैठक होगी

रांची: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) के. रवि कुमार ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक और अपुष्ट सूचनाओं से सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मतदाताओं को केवल निर्वाचन आयोग की आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करना चाहिए और किसी भी अफवाह या भ्रामक दावे को साझा करने से बचना चाहिए।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि राज्य में अभी एन्यूमरेशन (गणना) चरण जारी है। इस दौरान यह दावा करना कि किसी विशेष क्षेत्र में कितने प्रतिशत फॉर्म भर चुके हैं या कितने नाम हटाए जाएंगे, पूरी तरह गलत और भ्रामक है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रही ऐसी जानकारियों का कोई आधिकारिक आधार नहीं है। के. रवि कुमार ने सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और संबंधित पक्षों से भी अपील की कि वे अपुष्ट सूचनाओं का प्रसार न करें और मतदाताओं को सही एवं प्रमाणित जानकारी उपलब्ध कराने में सहयोग करें।

इस बीच निर्वाचन सदन में सोमवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में SIR अभियान के तहत चल रहे एन्यूमरेशन कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की गई। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 22 जुलाई को बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और बूथ लेवल एजेंट-2 (BLA-2) की तीसरी एवं अंतिम बैठक आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही सभी मतदान केंद्रों पर चुनाव पाठशाला का भी आयोजन होगा। राजनीतिक दलों से इस बैठक में अपने प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।

उधर, झारखंड कांग्रेस ने SIR के तहत गणना फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 15 दिन बढ़ाने की मांग की है। पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के माध्यम से भारत निर्वाचन आयोग को ज्ञापन सौंपा है। कांग्रेस का कहना है कि समय की कमी, पलायन, बीमारी और दूरदराज के क्षेत्रों की समस्याओं के कारण कई पात्र मतदाता अभी तक अपना गणना फॉर्म जमा नहीं कर पाए हैं।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here