आईएमडी ने 20 और 21 जुलाई के लिए कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया। वज्रपात और बारिश से जुड़े हादसों में पांच लोगों की मौत, लोगों से सतर्क रहने की अपील।

रांची: झारखंड में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य के कई जिलों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश, तेज हवा और वज्रपात की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और पूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार 20 जुलाई को हजारीबाग, रामगढ़, रांची, चतरा, लोहरदगा और लातेहार जिलों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं 21 जुलाई को रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और लातेहार के कुछ हिस्सों में भी जोरदार वर्षा की संभावना है। 22 से 25 जुलाई के बीच भी राज्य के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है।
इधर, लगातार खराब मौसम के बीच राज्य के अलग-अलग जिलों से दुखद खबरें भी सामने आई हैं। रविवार को वज्रपात और अन्य बारिश से जुड़े हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। सरायकेला, चंपुआ और गुमला में आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों ने जान गंवाई, जबकि गोमिया के तेनुघाट डैम में मछली पकड़ने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 76.8 मिलीमीटर वर्षा धनबाद के राजदह में रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा हेंदेगिर, नवाडीह, जगन्नाथपुर, पुटकी और राजधनवार में भी तेज बारिश दर्ज की गई।
राजधानी रांची में रविवार दोपहर करीब दो घंटे तक लगातार बारिश होती रही। कांके रोड, बरियातू और रातू रोड समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। वहीं शहर के अन्य हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। एक जून से अब तक राज्य के कई जिलों में सामान्य से अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई है। रांची में 421.6 मिमी, चाईबासा में 358.9 मिमी, जमशेदपुर में 328.8 मिमी, डाल्टनगंज में 313.9 मिमी और बोकारो में 242.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। अगले कुछ दिनों तक राज्य में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

