रांची : रांची पुलिस ने तकनीकी शाखा की मदद से गया (बिहार) में छापेमारी कर होटल से बच्ची को सुरक्षित बरामद किया। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल मोबाइल जब्त किया गया।

दलादली टीओपी (नगड़ी थाना) क्षेत्र के सपारोम से 5 वर्षीय बच्ची के अपहरण और फिरौती मांगने के मामले में रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। तकनीकी शाखा, रांची की सहायता से गया (बिहार) में 30 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान गया जंक्शन के पास स्थित एक होटल से अपहृत बच्ची को सुरक्षित बरामद किया गया। पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी पीड़िता के घर के पास किराये के मकान में रहता था। उसने पैसों के लालच में बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ गया ले गया और उसके परिजनों से ₹3 लाख की फिरौती की मांग की। आरोपी ने फिरौती नहीं मिलने पर बच्ची की हत्या कर शव फेंक देने की धमकी भी दी थी।
जांच में यह भी पता चला कि इस वारदात में आरोपी के दो सहयोगियों ने बच्ची को छिपाने और फिरौती की रकम हासिल करने में उसकी मदद की। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। बरामद बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है और अपनी मां के पास लौटने के बाद खुश है। फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों के खिलाफ विधि-सम्मत आगे की कार्रवाई कर रही है।

