वाहन रिकॉर्ड में एक ही गाड़ी की दोहरी एंट्री से बढ़ी परेशानी, परिवहन विभाग ने डेटा सुधारने की तैयारी शुरू की

रांची: झारखंड में वाहन से जुड़ी ऑनलाइन सेवाओं को लेकर एक बड़ी तकनीकी गड़बड़ी सामने आई है। केंद्र सरकार के VAHAN पोर्टल पर राज्य की 35 हजार 367 गाड़ियों का रिकॉर्ड दो बार दर्ज पाया गया है।
बताया जा रहा है कि कुछ मामलों में एक ही वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर, चेसिस नंबर और इंजन नंबर दोबारा सिस्टम में दर्ज हो गया। इसके चलते वाहन मालिकों को ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल करने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दरअसल, झारखंड में करीब 75 लाख 12 हजार 308 वाहनों का डिजिटल रिकॉर्ड VAHAN पोर्टल पर मौजूद है। डेटा की समीक्षा के दौरान 35,367 वाहनों की डुप्लीकेट एंट्री सामने आई।
इनमें सबसे ज्यादा 34,124 रिकॉर्ड अंतर्राज्यीय डुप्लीकेट वाहनों से जुड़े हैं, जबकि 1,243 मामले झारखंड के अंदर के वाहनों के हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से इसकी जानकारी राज्य सरकार को दी गई है और रिकॉर्ड को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके बाद झारखंड परिवहन विभाग ने सभी जिलों के उपायुक्तों, एसपी और जिला परिवहन पदाधिकारियों को निर्देश जारी कर डुप्लीकेट रिकॉर्ड की जांच और आवश्यक सुधार करने को कहा है। अब विभाग का फोकस VAHAN पोर्टल पर मौजूद डेटा को सही और अपडेट करने पर है, ताकि वाहन मालिकों को ऑनलाइन सेवाओं का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी न हो।.

