चक्रधरपुर मंडल में ट्रैक और तकनीकी कार्यों के चलते मंगलवार-शुक्रवार को 6 जोड़ी पैसेंजर व मेमू ट्रेनें रहेंगी रद्द

Ranchi News: झारखंड के रेल यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है. दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में तकनीकी और ट्रैक रखरखाव कार्यों के कारण कई ट्रेनों के परिचालन में बड़ा बदलाव किया गया है. रेलवे के अनुसार, सितंबर से नवंबर माह के दौरान प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को 6 जोड़ी (कुल 12) पैसेंजर व मेमू ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह रद्द रहेगा.
रद्द रहने वाली ट्रेनों में मुख्य रूप से टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस (18113/18114), टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस (18109/18110), टाटानगर-राउरकेला मेमू स्पेशल (08145/08146), राउरकेला-हटिया पैसेंजर स्पेशल (08149/08150), टाटानगर-गुआ पैसेंजर स्पेशल (08133/08134) और चक्रधरपुर-राउरकेला मेमू स्पेशल (08107/08108) शामिल हैं. इन ट्रेनों के पहिए निर्धारित तिथियों पर थमे रहने से झारखंड और आसपास के क्षेत्रों के बीच दैनिक आवागमन प्रभावित रहेगा.
हफ्ते में दो दिन इन ट्रेन सेवाओं के बंद रहने से रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा लोगों, छोटे व्यापारियों और छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन जाने से पहले नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम, हेल्पलाइन नंबर 139 या स्टेशन काउंटर से अपनी ट्रेन की वास्तविक स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें.

