वायनाड: केरल के वायनाड जिले से भूस्खलन का एक दिल दहला देने वाला CCTV फुटेज सामने आया है। वीडियो में पहाड़ी से भारी मात्रा में मिट्टी, चट्टानें और मलबा तेज रफ्तार से नीचे आता दिखाई दे रहा है। इस दौरान एक भारी-भरकम टैंकर और कई अन्य वाहन मलबे के बहाव में बहते नजर आते हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

भारी बारिश बनी हादसे की वजह
यह भूस्खलन वायनाड के मेप्पाडी क्षेत्र में मीनाक्षी पुल के पास हुआ, जहां अनाक्कमपॉयल-कल्लाडी-मेप्पाडी ट्विन टनल परियोजना पर निर्माण कार्य चल रहा था। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरक गया और देखते ही देखते सड़क, निर्माण स्थल और आसपास का इलाका मलबे की चपेट में आ गया।
3 लोगों की मौत, कई के फंसे होने की आशंका
हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका के बीच राहत और बचाव अभियान जारी है। एनडीआरएफ, फायर एंड रेस्क्यू तथा स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 11 बजे हुई। कल्लाडी इलाके में टनल निर्माण के दौरान खुदाई से बड़ी मात्रा में मिट्टी का ढेर जमा हो गया था। लगातार बारिश के कारण यह ढेर और आसपास की पहाड़ी कमजोर पड़ गई, जिसके बाद अचानक भूस्खलन हो गया। निर्माण स्थल के नीचे प्रवासी मजदूरों के लिए अस्थायी शिविर बनाए गए थे। स्थानीय मजदूरों को लाने वाली दो बसें भी वहीं मौजूद थीं, जो भूस्खलन की चपेट में आ गईं। हालांकि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सुबह का समय होने के कारण कई लोग समय रहते सुरक्षित स्थानों की ओर निकलने में सफल रहे।
2024 की त्रासदी की यादें हुईं ताजा
इस घटना ने वायनाड में वर्ष 2024 में हुई भीषण भूस्खलन त्रासदी की यादें फिर ताजा कर दी हैं, जिसमें 300 से अधिक लोगों की जान चली गई थी। मौजूदा हादसे के बाद भी प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

