पलामू: अक्सर सरकारी दफ्तरों में लोगों की शिकायतों के लंबे समय तक लंबित रहने की खबरें सामने आती हैं, लेकिन झारखंड के पलामू जिले से एक अलग तस्वीर देखने को मिली है। यहां एक ग्रामीण के फोन कॉल के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गांव की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया शुरू कर दी। मामला पलामू जिले के मेदिनीनगर प्रखंड की पोलपोल पंचायत के पत्थरचट्टी गांव का है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में अब तक बिजली नहीं पहुंची है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके अलावा पीने के पानी और पक्की सड़क की सुविधा भी नहीं थी।

ग्रामीण ने सीधे DC को किया फोन
सोशल एक्टिविस्ट के साथ एक ग्रामीण ने पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत को फोन कर गांव की समस्याओं से अवगत कराया। बातचीत के दौरान ग्रामीण ने बताया कि बिजली नहीं होने के कारण बच्चे रात में पढ़ाई नहीं कर पाते। इस पर उपायुक्त ने गांव का नाम दोबारा पूछकर तत्काल मामले पर संज्ञान लेने का आश्वासन दिया। इसी दौरान अन्य ग्रामीणों ने भी फोन पर गांव में पेयजल संकट और सड़क की बदहाल स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गांव के लोगों को पीने के लिए औरंगा नदी के पानी पर निर्भर रहना पड़ता है, जबकि गांव तक आज भी पक्की सड़क नहीं पहुंची है।
DC ने तुरंत दिए कार्रवाई के निर्देश
ग्रामीणों की शिकायत सुनने के बाद उपायुक्त ने जल विभाग, बिजली विभाग और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
शुरू हुआ समस्याओं के समाधान का काम
उपायुक्त के निर्देश के बाद जल विभाग ने गांव में बोरिंग कर हैंडपंप स्थापित कर दिया, जिससे पेयजल की समस्या दूर होने लगी है। वहीं बिजली विभाग ने गांव में बिजली पहुंचाने के लिए पोल लगाने का कार्य भी शुरू कर दिया है। इसके अलावा PWD विभाग को गांव का निरीक्षण कर सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने क्या कहा?
जिला जनसंपर्क अधिकारी डॉ. असीम ने बताया कि गांव में पेयजल की समस्या का समाधान कर दिया गया है। बिजली का काम तेजी से चल रहा है और जल्द ही गांव तक बिजली पहुंच जाएगी। वहीं सड़क निर्माण के लिए भी संबंधित विभाग जल्द सर्वे कर आगे की कार्रवाई करेगा। ग्रामीणों और जिला प्रशासन के बीच हुई इस त्वरित पहल की चर्चा अब पूरे क्षेत्र में हो रही है, जहां एक फोन कॉल के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई कर लोगों को राहत देने की दिशा में कदम बढ़ाया है।

