श्रावणी मेला के लिए रांची से भागलपुर तक चलेंगी दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें

0
72
Share This Post

श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने रांची से भागलपुर के बीच दो जोड़ी विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। ये ट्रेनें अलग-अलग मार्गों से चलेंगी और बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत देंगी।

रांची: श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। रांची रेल मंडल की ओर से रांची और भागलपुर के बीच दो जोड़ी श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की गई है।

पहली जोड़ी में रांची-भागलपुर (08690) और भागलपुर-रांची (08689) स्पेशल ट्रेन राजाबेड़ा मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन 26 जुलाई से 9 सितंबर तक रांची से प्रत्येक रविवार और बुधवार, जबकि भागलपुर से 27 जुलाई से 10 सितंबर तक प्रत्येक सोमवार और गुरुवार संचालित होगी। ट्रेन मुरी, बोकारो स्टील सिटी, हजारीबाग रोड, कोडरमा, किउल और सुलतानगंज होते हुए भागलपुर पहुंचेगी। इसमें कुल 16 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें सामान्य, स्लीपर, एसी थ्री-टियर और एसएलआरडी कोच शामिल रहेंगे।

दूसरी जोड़ी में रांची-भागलपुर (08646) और भागलपुर-रांची (08645) स्पेशल ट्रेन बरकाकाना मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन 27 जुलाई से 11 सितंबर तक रांची से प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार, जबकि भागलपुर से 28 जुलाई से 12 सितंबर तक प्रत्येक मंगलवार और शनिवार रवाना होगी। यह ट्रेन बरकाकाना, हजारीबाग टाउन, कोडरमा, किउल और सुलतानगंज के रास्ते चलेगी। इस स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे, जिनमें सामान्य, स्लीपर, एसी थ्री-टियर और एसएलआरडी कोच शामिल किए गए हैं।

रेलवे का कहना है कि इन विशेष ट्रेनों के संचालन से श्रावणी मेला 2026 के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं को यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी और भीड़ का दबाव भी कम होगा।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here