झारखंड में 8 और 9 अगस्त को विशेष SIR शिविर, Form-6 और Form-8 भरने का मिलेगा मौका

0
72
Share This Post

राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा विशेष कैंप। नए मतदाता नाम जुड़वा सकेंगे और मतदाता सूची में सुधार के लिए भी आवेदन कर सकेंगे।

रांची: झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत 8 और 9 अगस्त को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र नागरिक Form-6 के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकेंगे, जबकि Form-8 के जरिए मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन और परिवार के सदस्यों को एक ही मतदान केंद्र से जोड़ने के लिए आवेदन कर सकेंगे।

निर्वाचन विभाग के अनुसार, दोनों दिन शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे। बूथ स्तर के अधिकारी (BLO) और निर्वाचन कर्मी मौके पर मौजूद रहेंगे तथा आवेदकों को फॉर्म भरने और दस्तावेज़ों से जुड़ी प्रक्रिया में सहायता प्रदान करेंगे।

जिन युवाओं की आयु निर्धारित पात्रता तिथि तक 18 वर्ष पूरी हो चुकी है और जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे Form-6 भरकर पंजीकरण करा सकते हैं। वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण में सुधार तथा परिवार के सदस्यों को एक ही मतदान केंद्र से जोड़ने के लिए Form-8 का उपयोग किया जा सकेगा।

निर्वाचन आयोग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर निर्धारित प्रक्रिया पूरी करें। ऑनलाइन आवेदन के लिए ECINET ऐप और voters.eci.gov.in पोर्टल की सुविधा भी उपलब्ध है।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल पात्र भारतीय नागरिकों के लिए है। प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और सूची पूरी तरह शुद्ध एवं अद्यतन रहे, यही इस विशेष अभियान का उद्देश्य है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here