सभी मतदान केंद्रों पर 8 और 9 अगस्त को विशेष शिविर, 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष पूरे करने वाले युवा भर सकेंगे फॉर्म-6

रांची: झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची से संबंधित काम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर 8 और 9 अगस्त को विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहां पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, विवरण में सुधार कराने और मतदान केंद्र से संबंधित आवेदन कर सकेंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने पात्र नागरिकों से इन विशेष शिविरों का लाभ उठाने की अपील की है। जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
नए मतदाताओं के लिए फॉर्म-6
1 अक्टूबर 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए जिन भारतीय नागरिकों की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक हो जाएगी, वे फॉर्म-6 और घोषणा-पत्र भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
एक ही मतदान केंद्र पर जुड़ सकेगा परिवार का नाम
ऐसे परिवार, जिनके सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं, वे फॉर्म-8 के जरिए आवेदन देकर परिवार के सभी सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराने की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं।
इन शिविरों में मतदाता सूची से जुड़े विभिन्न प्रकार के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। निर्वाचन विभाग ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपनी जानकारी की जांच करें और आवश्यकता होने पर विशेष शिविर में आवेदन जमा करें।

