श्रावणी मेला 2026: बासुकीनाथ से जसीडीह तक रेल IG का निरीक्षण, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

0
59
Share This Post

श्रावणी मेला 2026 को लेकर रेल IG डॉ. माइकलराज एस ने बासुकीनाथ, देवघर और जसीडीह समेत प्रमुख रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, होल्डिंग एरिया, पूछताछ केंद्र, टिकट सुविधा और CCTV निगरानी को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए।

देवघर: विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर रेलवे और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से रेल IG डॉ. माइकलराज एस ने बासुकीनाथ से जसीडीह रेलवे स्टेशन तक व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बासुकीनाथ, घोरमारा, मोहनपुर, देवघर, बैद्यनाथधाम और जसीडीह रेलवे स्टेशनों का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। रेल IG ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मेले के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। रेल IG ने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए विभिन्न स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया का विस्तार किया गया है। साथ ही रेलवे अधिकारियों को ट्रेनों की लाइव डिस्प्ले प्रणाली, पूछताछ केंद्र और टिकट व्यवस्था को और अधिक सुगम तथा पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए GRP और RPF के अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सभी अधिकारियों और जवानों को बेहतर समन्वय के साथ ड्यूटी करने, भीड़ प्रबंधन पर विशेष नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटने के लिए सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। निरीक्षण के दौरान रेल IG ने स्टेशनों पर लगे CCTV कैमरों, कंट्रोल रूम, मेटल डिटेक्टर और स्निफर डॉग स्क्वॉड की कार्यप्रणाली का भी बारीकी से निरीक्षण किया। जहां भी कोई कमी पाई गई, उसे तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर रेल एसपी (धनबाद) मुमल राज पुरोहित, देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर, एसडीओ रवि कुमार, एसडीपीओ कुलदीप कुमार, आरपीएफ कमांडेंट पवन कुमार सहित जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा, निगरानी और यात्री सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की तैयारी तेज कर दी है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here