सरायकेला-खरसावां में अवैध खनन पर प्रशासन का शिकंजा कसता जा रहा है। ईचागढ़ और चौका में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 48,300 घनफीट अवैध बालू जब्त की गई। वहीं, बिना वैध चालान के पत्थर ढो रहे एक वाहन को भी जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है।

Seraikela Illegal Mining: सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ईचागढ़ और चौका थाना क्षेत्र में सघन छापेमारी अभियान चलाया। उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी और पुलिस की संयुक्त टीम ने कई बालू घाटों का औचक निरीक्षण किया।
कार्रवाई के दौरान ईचागढ़ के सोड़ो, जारागोडीह और वीरडीह बालू घाटों से 38,100 घनफीट, जबकि चौका के चांदुडीह से 10,200 घनफीट अवैध रूप से भंडारित बालू जब्त की गई। इस तरह पूरे अभियान में प्रशासन ने कुल 48,300 घनफीट अवैध बालू जब्त की। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

