स्पेशल ब्रांच के इनपुट के बाद सुरक्षा व्यवस्था सख्त, आंदोलन की आड़ में असामाजिक तत्वों के माहौल बिगाड़ने की आशंका

रांची। झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गयी है। सुरक्षा को लेकर मिले इनपुट के बाद मुख्यमंत्री आवास के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी है।
जानकारी के मुताबिक, स्पेशल ब्रांच ने पुलिस मुख्यालय और राज्य सरकार को सुरक्षा संबंधी इनपुट दिया था। इनपुट में आशंका जतायी गयी कि चल रहे आंदोलन के दौरान असामाजिक तत्व या आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोग भीड़ का हिस्सा बनकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया गया। आवास के आसपास बैरिकेडिंग की गयी है और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है।
सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर
सुरक्षा एजेंसियां सोशल मीडिया पर की जा रही आपत्तिजनक टिप्पणियों और पोस्ट को भी गंभीरता से ले रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था में लगे जवानों को मुख्यमंत्री आवास के आसपास आने-जाने वाले लोगों पर विशेष नजर रखने के साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल जांच करने का निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री की निजी सुरक्षा में भी जवानों की संख्या बढ़ायी गयी है। सुरक्षा एजेंसियां संभावित भीड़ और विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए आसपास के इलाके की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।
कई दिनों से जारी है छात्रों का आंदोलन
दरअसल, JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और अनियमितताओं को लेकर झारखंड में पिछले कई दिनों से छात्र आंदोलन कर रहे हैं। इस आंदोलन में छात्र संगठनों के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता भी शामिल हो रहे हैं।
इसी क्रम में भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की कोशिश भी की थी। आंदोलन के बढ़ते दायरे और संभावित सुरक्षा चुनौती को देखते हुए अब मुख्यमंत्री आवास और मुख्यमंत्री की निजी सुरक्षा व्यवस्था को पहले के मुकाबले और मजबूत किया गया है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे हालात पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

