भारतीय स्टेट बैंक इस वर्ष 1,500 प्रोबेशनरी अधिकारियों की भर्ती करेगा, जिसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 8 जुलाई है और प्रक्रिया दिसंबर तक पूरी होगी।

नई दिल्ली: देश के सबसे बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने वर्ष 2026 के लिए 1,500 प्रोबेशनरी ऑफिसर (PO) पदों पर भर्ती की घोषणा की है। बैंक द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, कुल 1,500 पदों में 1,446 नियमित और 54 बैकलॉग श्रेणी के पद शामिल हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 8 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक होना अनिवार्य है। साथ ही 1 अप्रैल 2026 तक अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 21 वर्ष होनी चाहिए। बैंक का लक्ष्य पूरी भर्ती प्रक्रिया दिसंबर 2026 तक पूरी करने का है।
विशेषज्ञ पदों पर भी होगी भर्ती
SBI ने बताया कि बदलती बैंकिंग जरूरतों को देखते हुए आईटी, डेटा सेंटर, जोखिम प्रबंधन, विधिक, ट्रेजरी, अनुपालन और डेटा एनालिटिक्स जैसे क्षेत्रों में विशेषज्ञ अधिकारियों की भी लेटरल एंट्री के जरिए नियुक्तियां की जा रही हैं।
पिछले वर्ष हजारों कर्मचारियों की हुई नियुक्ति
SBI की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में बैंक ने 4,640 अधिकारियों, 19,340 एसोसिएट कर्मचारियों और 1,653 संविदा कर्मचारियों की भर्ती की। इसके अलावा खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए 67 खिलाड़ियों को भी नियुक्त किया गया।
कर्मचारियों की नौकरी छोड़ने की दर बेहद कम
बैंक की रिपोर्ट के मुताबिक, SBI में कर्मचारियों के नौकरी छोड़ने की वार्षिक दर 1 प्रतिशत से भी कम रही। वित्त वर्ष 2025-26 में यह दर करीब 0.97 प्रतिशत दर्ज की गई, जो बैंकिंग उद्योग में सबसे कम दरों में शामिल है। बैंक ने इसे कर्मचारियों की प्रतिबद्धता और कर्मचारी-केंद्रित नीतियों का परिणाम बताया है।

