
रूपी सोरेन की अचानक बिगड़ी तबीयत, सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल में भर्ती
बरियातू के हिल व्यू हॉस्पिटल में चल रहा इलाज, जांच में पोटैशियम का स्तर कम मिला; सीएम हेमंत सोरेन करीब तीन घंटे तक अस्पताल में रहे

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन की शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ गयी। उन्हें सांस लेने में परेशानी होने के बाद बरियातू स्थित हिल व्यू हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, तबीयत खराब होने पर डॉक्टरों ने पहले उनके घर पर ही स्वास्थ्य की जांच की। इसके बाद सांस लेने में दिक्कत को देखते हुए उन्हें अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उनके ब्लड समेत कई स्वास्थ्य मानकों की जांच की गयी। जांच में पोटैशियम का स्तर सामान्य से कम पाया गया।
डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट दिया जा रहा है। अस्पताल संचालक और हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. नितेश प्रिया ने बताया कि रूपी सोरेन की हालत पहले की तुलना में बेहतर है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।
वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी अपनी मां से मिलने अस्पताल पहुंचे और करीब तीन घंटे तक उनके साथ रहे।
बता दें कि हाल ही में हेमंत सोरेन अपनी मां के इलाज के सिलसिले में हैदराबाद भी गये थे। वहां उनकी स्वास्थ्य जांच करायी गयी थी और विशेष चिकित्सकीय टीम ने इलाज को लेकर परामर्श दिया था।




