
अमूल ने दिया महंगाई का झटका, घी 40 रुपये और मक्खन 15 रुपये हुआ महंगा

नई दिल्ली: त्योहारों और घरेलू बजट के बीच आम उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लगा है। अमूल ब्रांड के उत्पादों की बिक्री करने वाले गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ (जीसीएमएमएफ) ने घी और मक्खन की कीमतों में बढ़ोतरी की है। दूध उत्पादन की लागत बढ़ने को कीमतों में इजाफे की वजह बताया गया है।
अमूल घी के दाम में 40 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी
नई दरों के अनुसार, अमूल घी के एक लीटर पाउच की कीमत में 40 रुपये की वृद्धि की गई है। इसके बाद अमूल घी का एक लीटर पाउच अब 680 रुपये में मिलेगा। वहीं, अमूल काउ घी के एक लीटर पाउच की कीमत बढ़कर 735 रुपये हो गई है।
500 ग्राम मक्खन का पैक भी हुआ महंगा
घी के साथ अमूल टेबल बटर की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है। 500 ग्राम के पैक पर 15 रुपये बढ़ाए गए हैं। इसके बाद अमूल टेबल बटर के 500 ग्राम पैक की नई कीमत 325 रुपये हो गई है।
दूध उत्पादन की लागत बढ़ना बताई गई वजह
गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ के अनुसार, दूध उत्पादन की लागत में बढ़ोतरी के कारण इन उत्पादों की कीमतों में संशोधन किया गया है। कीमतों में इस बदलाव का सीधा असर उन उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा, जो रोजमर्रा के इस्तेमाल में घी और मक्खन का उपयोग करते हैं।




