रांची में विकास योजनाओं के लिए बनेगा लैंड बैंक, जमीन से जुड़ी अड़चनें दूर करने की तैयारी

0
82
Share This Post

नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने वार्डवार टीम गठित करने के दिए निर्देश, सड़क, पार्क, बाजार और पार्किंग जैसी योजनाओं के लिए आसानी से चिन्हित होगी जमीन

रांची: शहर में विकास योजनाओं को तेजी से जमीन पर उतारने के लिए रांची नगर निगम ने नई पहल की तैयारी शुरू कर दी है। विकास कार्यों के लिए जमीन उपलब्ध कराने में आने वाली अड़चनों को दूर करने के लिए नगर निगम अब एक व्यवस्थित लैंड बैंक तैयार करेगा। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि वार्ड स्तर पर किसी योजना की शुरुआत के दौरान जमीन से जुड़ी समस्याएं अक्सर सामने आती हैं। ऐसे में पहले से उपलब्ध जमीन की जानकारी व्यवस्थित रूप से तैयार रखना जरूरी है।

इसी उद्देश्य से सभी वार्डों के लिए अलग-अलग टीम गठित की जाएगी। ये टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में उपलब्ध जमीन और उससे जुड़े रिकॉर्ड की जानकारी जुटाएंगी। नगर निगम की ओर से तैयार किए जाने वाले लैंड बैंक में नगर निगम, सरकारी और अन्य सार्वजनिक भूमि से संबंधित जरूरी दस्तावेजों को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से रखा जाएगा। इसमें मूल खतियान, डीड समेत जमीन से जुड़े अन्य अभिलेख और विवरण शामिल होंगे।

इस व्यवस्था का फायदा यह होगा कि भविष्य में सड़क, सामुदायिक भवन, पार्क, बाजार, पार्किंग या अन्य सार्वजनिक विकास परियोजनाओं के लिए जमीन की जरूरत पड़ने पर उपलब्ध भूमि की पहचान आसानी से की जा सकेगी। बैठक में अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि सभी वार्डों में विकास योजनाओं का क्रियान्वयन बेहतर समन्वय के साथ किया जाए। इसके लिए सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, सहायक अभियंता, जूनियर इंजीनियर और राजस्व निरीक्षक के बीच वार्डवार जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।

संबंधित अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्र का नियमित दौरा करेंगे और विकास योजनाओं के लिए प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण भी करेंगे। नगर निगम की इस पहल से एक ओर जमीन से जुड़े दस्तावेजों को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी, वहीं दूसरी ओर भविष्य की विकास परियोजनाओं के लिए उपयुक्त जमीन तलाशने की प्रक्रिया भी आसान होने की उम्मीद है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here