
रांची में नगर निगम के नोटिस के विरोध में आज बंद रहेगा मोरहाबादी वेंडर मार्केट
दुकानदार संघ ने नगर निगम पर परेशान करने और राशि मांगने का लगाया आरोप, कहा- कार्रवाई नहीं बदली तो अनिश्चितकालीन बंद पर होगा विचार

रांची। नगर निगम के नोटिस और दुकानदारों की ओर से लगाए जा रहे कथित भयादोहन के आरोपों के विरोध में सोमवार को मोरहाबादी वेंडर मार्केट बंद रहेगा। इस संबंध में रविवार को मोरहाबादी में वेंडर मार्केट संघ की बैठक हुई, जिसमें बड़ी संख्या में दुकानदार शामिल हुए। बैठक में दुकानदारों ने नगर निगम की कार्यशैली पर नाराजगी जतायी और विरोध दर्ज कराने के लिए एक दिन दुकानें बंद रखने का निर्णय लिया।
राशि नहीं देने पर नोटिस का आरोप
मोरहाबादी वेंडर मार्केट संघ के अध्यक्ष डॉ. कुमार रोशन ने आरोप लगाया कि नगर निगम की ओर से दुकानदारों से अवैध राशि की मांग की जा रही है। उनका कहना है कि राशि नहीं देने वाले दुकानदारों को नोटिस दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि दुकानदार लंबे समय से इस तरह की परेशानी का सामना कर रहे हैं। संघ का कहना है कि सोमवार का बंद नगर निगम के अधिकारियों तक अपनी शिकायत पहुंचाने और विरोध दर्ज कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
मांगें नहीं मानीं तो अनिश्चितकालीन बंद की चेतावनी
संघ के अध्यक्ष ने कहा कि अगर सोमवार के विरोध के बाद भी नगर निगम की कार्यशैली में बदलाव नहीं आता है, तो आगे की रणनीति तय की जाएगी। जरूरत पड़ने पर मोरहाबादी वेंडर मार्केट को अनिश्चितकाल के लिए बंद करने का फैसला भी लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि दुकानदारों की समस्याओं को लेकर संघ आगे भी बैठक करेगा और उसके बाद आंदोलन की दिशा तय की जाएगी।
बैठक में बड़ी संख्या में दुकानदार शामिल
रविवार को हुई बैठक में महेश साहू, राजेश कपूर, लक्ष्मी साहू, प्रथम महतो, दीपक कुमार, प्रताप सिंह, सुमित चटर्जी, प्रकाश साहू, प्रभु राम, भीम नारायण दास, जितेन वर्मा, अरुण वर्मा, शिव कुमार साहू, मंतोष साव, राजकुमार वर्मा, लालू राम वर्मा और राकेश पांडे समेत बड़ी संख्या में दुकानदार मौजूद रहे।
दुकानदारों के आरोपों पर नगर निगम की ओर से तत्काल कोई पक्ष सामने नहीं आया है।




