शिकारीपाड़ा से रांची पहुंची बहन, CM हेमंत सोरेन की कलाई पर बांधी राखी; लिया भाई का आशीर्वाद

0
4
Share This Post

बड़ी बहन अंजनी सोरेन समेत चचेरी बहनों ने भी बांधा रक्षा सूत्र, सीएम ने झारखंडवासियों को दी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं

रांची: रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास पर भाई-बहन के रिश्ते की आत्मीय तस्वीर देखने को मिली। शुक्रवार को मुख्यमंत्री की बहनों ने उनकी कलाई पर राखी बांधी और उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

मुख्यमंत्री की बड़ी बहन अंजनी सोरेन ने रक्षा सूत्र बांधकर भाई के उज्ज्वल और स्वस्थ जीवन की मंगलकामना की। इसके अलावा उनकी चचेरी बहनों ने भी मुख्यमंत्री को राखी बांधी। इस दौरान हेमंत सोरेन ने बड़ी बहन का आशीर्वाद लिया और छोटी बहनों को स्नेह एवं शुभकामनाएं दीं।

रक्षाबंधन के मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को श्रावण पूर्णिमा और रक्षाबंधन की बधाई दी। उन्होंने झारखंड के लोगों के सुख, समृद्धि, उन्नति और खुशहाल जीवन की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री की माता रूपी सोरेन समेत परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

शिकारीपाड़ा से हर साल रांची आती हैं मति सोरेन

रक्षाबंधन के इस खास मौके पर दुमका जिले के शिकारीपाड़ा प्रखंड के सीतासाल गांव से मति सोरेन भी रांची पहुंचीं। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की कलाई पर राखी बांधी और उनके स्वस्थ एवं लंबे जीवन की कामना की।

मति सोरेन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बीच भाई-बहन का यह स्नेहिल रिश्ता कई वर्षों से रक्षाबंधन के मौके पर देखने को मिलता रहा है। बताया जाता है कि मति सोरेन हर साल शिकारीपाड़ा से रांची आकर मुख्यमंत्री को राखी बांधती हैं।

इस बार भी उन्होंने इस परंपरा को कायम रखा और मुख्यमंत्री की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। राखी बांधने के बाद मुख्यमंत्री ने मति सोरेन को आशीर्वाद दिया और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

इस तरह रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लिए यह दिन राजनीतिक गतिविधियों से अलग भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और पारिवारिक भावनाओं से जुड़ा खास अवसर बन गया।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here