
रेलवे टिकट बुकिंग के नियम में बदलाव, 27 अक्टूबर से डिजिटल भुगतान अनिवार्य
नई दिल्ली, 27 अक्टूबर 2026। अबूआ न्यूज़ झारखंड
रेलवे काउंटर से टिकट खरीदने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। 27 अक्टूबर से टिकट बुकिंग के दौरान यात्रा बीमा का विकल्प चुनने वाले यात्रियों को प्रीमियम का भुगतान डिजिटल माध्यम से करना होगा। अब इसके लिए नकद भुगतान की सुविधा नहीं मिलेगी।
45 पैसे के बीमा प्रीमियम के लिए भी डिजिटल पेमेंट जरूरी
रेलवे बोर्ड के अनुसार, यात्रा बीमा के लिए 45 पैसे का प्रीमियम निर्धारित है। इतनी छोटी राशि का नकद भुगतान स्वीकार नहीं किए जाने के कारण यह फैसला लिया गया है। ऐसे में काउंटर से टिकट खरीदते समय यात्रा बीमा लेने वाले यात्रियों को डिजिटल माध्यम से भुगतान करना होगा।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शुरू हुई सुविधा
रेलवे काउंटर से टिकट बुक कराने वाले यात्रियों के लिए भी यात्रा बीमा की सुविधा शुरू की गई है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद यह व्यवस्था लागू की गई है। यात्रियों को टिकट बुकिंग के दौरान इस बदलाव का ध्यान रखना होगा, ताकि भुगतान में किसी तरह की परेशानी न हो।




