
ऑनलाइन खतियान में जाति सुधार की मांग लेकर मुख्यमंत्री से मिला मुंडा समाज का प्रतिनिधिमंडल

रांची,26 अक्टूबर 2026।अबूआ न्यूज़ झारखंड
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सोमवार को रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुंडा समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने बुंडू अंचल के छह पंचायतों के 18 गांवों के ऑनलाइन खतियान में जाति के नाम में सुधार कराने की मांग की।
‘मुंडा’ की जगह ‘स्वासी’ दर्ज होने से ग्रामीण परेशान
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि तमाड़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बुंडू अंचल के संबंधित गांवों के ऑनलाइन खतियान में जाति के कॉलम में ‘मुंडा’ के स्थान पर ‘स्वासी’ दर्ज है। इसके कारण ग्रामीणों को विभिन्न प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने ऑनलाइन खतियान में दर्ज गलत जाति के नाम को सुधारकर ‘स्वासी’ की जगह ‘मुंडा’ अंकित कराने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने दिया आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने इस मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया। इस दौरान विधायक विकास मुंडा भी मौजूद रहे।




