
शहर के कई इलाकों में आज 2 से 6 घंटे तक बिजली रहेगी बंद, देखें प्रभावित क्षेत्र
रांची के अलग-अलग फीडरों में मेंटेनेंस और अन्य कार्यों के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी, कई इलाकों में लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा।

रांची: राजधानी रांची के कई इलाकों में सोमवार को बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। बिजली विभाग की ओर से अलग-अलग फीडरों में किए जाने वाले काम के कारण कई क्षेत्रों में करीब दो से छह घंटे तक बिजली बंद रहने की संभावना है।
बिजली कटौती का असर काली मंदिर, चेतन टोली, कोकर, पावर हाउस, अनंतपुर और हिनू इलाके में देखने को मिलेगा। इसके अलावा तुपुदाना सब-स्टेशन के तेतरी फीडर और चुटिया के कृष्णापुरी फीडर से जुड़े इलाकों में भी बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
नामकुम स्टेशन, लालपुर, सिरडो, सुगनू, बूटी और इंडस्ट्रियल फीडर से जुड़े क्षेत्रों में भी निर्धारित समय तक बिजली नहीं रहेगी। वहीं, पुंदाग, एसपी कॉलोनी, न्यू मोरहाबादी और पानी टंकी के बूटी मोड़ फीडर से जुड़े इलाकों में भी बिजली कटौती की जाएगी।
इसके अलावा टाटीसिलवे, औद्योगिक फीडर और लालगंज फीडर से जुड़े कई इलाकों में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित रहने की सूचना है। ऐसे में संबंधित क्षेत्रों के लोगों को बिजली कटौती को ध्यान में रखते हुए जरूरी काम पहले से निपटा लेने की सलाह दी गई है।




