Ranchi: झारखंड के बहुचर्चित निशा कुमारी भगत सुसाइड केस की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) करेगी। राज्य सरकार ने इस मामले की जांच सीबीआई से कराने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार देर रात सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी साझा की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी जानकारी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, “निशा भगत प्रकरण की जांच अब सीबीआई करेगी, निर्देश दे दिए गए हैं।” सरकार के इस फैसले के बाद अब मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी करेगी।
माता-पिता ने जताई थी साजिश की आशंका
गौरतलब है कि आदिवासी कार्यकर्ता निशा कुमारी भगत के माता-पिता ने अपनी बेटी की मौत को लेकर गंभीर सवाल उठाए थे। उनका आरोप था कि निशा की मौत सामान्य घटना नहीं, बल्कि इसके पीछे कोई साजिश हो सकती है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए सीबीआई जांच की मांग की थी।
सरकार ने मांग को दी मंजूरी
निशा भगत के माता-पिता की मांग और मामले को लेकर उठ रहे सवालों के बीच राज्य सरकार ने सीबीआई जांच कराने का निर्णय लिया है। अब इस मामले से जुड़े तथ्यों, परिस्थितियों और कथित साजिश के पहलुओं की जांच सीबीआई करेगी।





