मंईयां सम्मान योजना में बड़ा बदलाव: अब हर महीने एक ही दिन सभी 51 लाख लाभुकों के खाते में आएगी राशि

0
61
Share This Post

अक्तूबर से लागू हो सकती है नई व्यवस्था, राज्य स्तर से सीधे DBT के जरिए होगा भुगतान

रांची: झारखंड सरकार ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत लाभुकों को राशि भुगतान की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करने की तैयारी की है। प्रस्तावित नई व्यवस्था के तहत अक्तूबर 2026 से हर महीने “मंईयां सम्मान दिवस” मनाया जाएगा। इसी दिन राज्यभर के करीब 51 लाख लाभुकों के बैंक खातों में योजना की राशि एक साथ ट्रांसफर की जाएगी।

नई व्यवस्था में जिला स्तर पर अलग-अलग भुगतान की प्रक्रिया समाप्त कर राशि राज्य स्तर से सीधे डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से लाभुकों के खातों में भेजी जाएगी। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग इस बदलाव को लागू करने की तैयारियों में जुटा है।

अब तक प्रत्येक जिला अपने स्तर पर भुगतान की प्रक्रिया पूरी करता था, जिसके कारण अलग-अलग जिलों में अलग-अलग तिथियों पर लाभुकों के खातों में राशि पहुंचती थी। कई बार कुछ जिलों में भुगतान पहले हो जाता था, जबकि अन्य जिलों के लाभुकों को कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता था।

नई प्रणाली को लागू करने के लिए JAP-IT ने विशेष पोर्टल तैयार किया है और विभागीय अधिकारियों के समक्ष इसका प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया जा चुका है। सरकार का मानना है कि इससे भुगतान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और व्यवस्थित होगी।

हर महीने आयोजित होने वाले “मंईयां सम्मान दिवस” पर राज्य स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री सहित मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हो सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान योजना से जुड़ी जानकारी साझा की जाएगी और उसी दिन लाभुकों के खातों में राशि ट्रांसफर की जाएगी। विभाग का दावा है कि राशि भेजने के कुछ घंटों के भीतर लाभुकों के खातों में पहुंच जाएगी।

नई व्यवस्था से होंगे ये फायदे

  • हर महीने एक तय तारीख को सभी लाभुकों को एक साथ राशि मिलेगी।
  • राज्य स्तर से सीधे DBT के माध्यम से भुगतान होगा।
  • भुगतान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और तेज बनेगी।
  • सभी जिलों में एक समान समय पर राशि पहुंचने से असमानता खत्म होगी।
  • लाभुकों को भुगतान की तारीख पहले से पता रहेगी, जिससे भ्रम की स्थिति नहीं होगी।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here