रांची में गैस सिलेंडर की डिलीवरी में देरी से उपभोक्ता परेशान, डीएसी जारी होने के बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर

0
88
Share This Post

फाइव किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई में कई दिनों की देरी, उपभोक्ताओं ने एजेंसी पर लापरवाही और कालाबाजारी के आरोप लगाए।

रांची: राजधानी रांची में घरेलू गैस सिलेंडर की समय पर डिलीवरी नहीं होने से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) जारी होने के बाद भी उन्हें कई दिनों, बल्कि कुछ मामलों में हफ्तों तक सिलेंडर नहीं मिल रहा।

सबसे अधिक शिकायत 5 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी को लेकर सामने आई है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि ऑनलाइन बुकिंग और डीएसी प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद गैस एजेंसी समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं करा रही है।

शुक्रवार को ओवरब्रिज रोड स्थित एक गैस एजेंसी में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। लोगों का कहना था कि बुकिंग के कई दिन बाद भी सिलेंडर नहीं दिया जा रहा, जबकि शिकायत करने पर एजेंसी का फोन तक रिसीव नहीं किया जाता।

कुछ उपभोक्ताओं ने सिलेंडरों की कालाबाजारी की आशंका भी जताई और मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए।

वहीं, गैस एजेंसी की ओर से सफाई देते हुए कहा गया कि मांग बढ़ने और सीमित कोटा मिलने के कारण डिलीवरी प्रभावित हुई है। एजेंसी ने भरोसा दिलाया कि आपूर्ति व्यवस्था को जल्द सामान्य कर दिया जाएगा और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here