सावन में घर बैठे मिलेगा हरिद्वार का गंगाजल, डाक विभाग ने शुरू की विशेष सेवा

0
101
Share This Post

श्रद्धालुओं तक हरिद्वार का पवित्र गंगाजल पहुंचाने के लिए डाक विभाग की खास पहल। राज्यभर के डाकघरों और डाकियों के माध्यम से होगी घर-घर आपूर्ति।

रांची: सावन माह में भगवान शिव के भक्तों के लिए डाक विभाग ने विशेष सुविधा शुरू की है। अब श्रद्धालुओं को हरिद्वार का पवित्र गंगाजल लेने के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं होगी। डाक विभाग राज्यभर के डाकघरों के साथ-साथ घर-घर डिलीवरी के माध्यम से भी गंगाजल उपलब्ध कराएगा। विभाग के अनुसार, हरिद्वार से लाया गया पवित्र गंगाजल 30 रुपये प्रति बोतल की निर्धारित कीमत पर सभी प्रमुख डाकघरों में उपलब्ध रहेगा। श्रद्धालु इसे खरीदकर सावन में भगवान शिव का जलाभिषेक कर सकेंगे और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों में भी इसका उपयोग कर पाएंगे।

ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डाकियों को भी गंगाजल उपलब्ध कराया गया है। नियमित डाक वितरण के दौरान डाकिए इच्छुक लोगों के घर तक गंगाजल पहुंचाएंगे, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बाहर नहीं निकल पाने वाले श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा मिलेगी। इसके अलावा राजधानी रांची के प्रमुख शिव मंदिरों और धार्मिक स्थलों के आसपास भी विशेष शिविर लगाए जाएंगे। यहां श्रद्धालु आसानी से गंगाजल खरीद सकेंगे और लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता नहीं होगी।

झारखंड परिमंडल के वरिष्ठ डाक अधीक्षक विनोद कुमार पंडित ने बताया कि विभाग का उद्देश्य सावन के दौरान अधिक से अधिक श्रद्धालुओं तक हरिद्वार का पवित्र गंगाजल समय पर पहुंचाना है। इसके लिए पूरे राज्य में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सावन की तैयारियों को लेकर डाक विभाग ने विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया, जिसमें श्रद्धालुओं तक बेहतर सेवा पहुंचाने और अभियान को सफल बनाने पर जोर दिया गया।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here