
KBC के मंच पर छाईं सिमडेगा की रेशमा लकड़ा, अमिताभ बच्चन से हुई हॉकी और सलीमा टेटे पर खास बातचीत
31वें एपिसोड में नोएडा के प्रशांत कुमार से हुआ मुकाबला, हॉट सीट तक नहीं पहुंचीं रेशमा लेकिन देशभर में सिमडेगा की हॉकी पहचान को रखा सामने

रांची/सिमडेगा। झारखंड के सिमडेगा जिले की रेशमा लकड़ा ने लोकप्रिय क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति (KBC) के मंच पर अपनी अलग पहचान बनाई। KBC के 31वें एपिसोड में नजर आईं रेशमा ने अपने आत्मविश्वास और बेबाक अंदाज से दर्शकों का ध्यान खींचा। शो में उनका मुकाबला नोएडा के प्रशांत कुमार से हुआ। इस मुकाबले में प्रशांत कुमार आगे बढ़ते हुए हॉट सीट तक पहुंचे।
हालांकि रेशमा हॉट सीट तक नहीं पहुंच सकीं, लेकिन उन्होंने KBC के मंच पर सिमडेगा की पहचान को मजबूती से पेश किया। शो में अपना परिचय देते हुए उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा, “सिमडेगा की मैं छोरी हूं, सब पर भारी पड़ूंगी।”
अमिताभ बच्चन ने पूछा- सिमडेगा कहां है?
शो के दौरान अमिताभ बच्चन ने रेशमा से सिमडेगा के बारे में पूछा। इसके जवाब में उन्होंने बताया कि सिमडेगा झारखंड का एक छोटा और आदिवासी बहुल जिला है। उन्होंने अपने गांव बड़की छापर का भी जिक्र किया और बताया कि इस इलाके को हॉकी की नर्सरी के तौर पर जाना जाता है।
रेशमा ने इसी दौरान भारतीय हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि सलीमा टेटे भी बड़की छापर गांव की रहने वाली हैं और वह खुद भी इसी गांव से जुड़ी हैं। फिलहाल रेशमा ठाकुरटोली में रहती हैं। सलीमा टेटे का नाम सामने आते ही शो के दर्शकों ने तालियों से उनका स्वागत किया।
सामाजिक वानिकी विभाग में प्रधान वनरक्षी हैं रेशमा

रेशमा लकड़ा वर्तमान में सामाजिक वानिकी विभाग में प्रधान वनरक्षी के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने संत जोंस स्कूल, फरसाबेड़ा से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की। इसके बाद सिमडेगा कॉलेज से अंग्रेजी ऑनर्स की पढ़ाई की।
20 मई को हुआ था ऑडिशन
रेशमा ने बताया कि KBC के लिए चयन प्रक्रिया के तहत उनका ऑडिशन 20 मई को लखनऊ में हुआ था। ऑडिशन के दौरान उनसे 20 सवाल पूछे गए थे। इसके बाद रक्षाबंधन के दिन उन्हें KBC में चयन की जानकारी मिली।
चयन के बाद रेशमा अपने पति गौरव बेक के साथ 9 सितंबर को मुंबई पहुंचीं। इसके बाद 10 और 12 सितंबर को उन्होंने KBC के कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
KBC के मंच पर दिखी सिमडेगा की पहचान
रेशमा के KBC में पहुंचने और अमिताभ बच्चन के साथ सिमडेगा, हॉकी और सलीमा टेटे पर बातचीत होने से जिले में खुशी का माहौल है। रेशमा ने हॉट सीट तक पहुंचने के बजाय जिस तरह अपने जिले की हॉकी और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर सामने रखा, उसकी चर्चा स्थानीय स्तर पर हो रही है।




