कांके से प्रोजेक्ट भवन और धुर्वा तक का मार्ग जल्द ही अतिक्रमण और जाम से मुक्त होगा। इसके लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया जाएगा। अभियान के तहत अतिक्रमण हटाने के साथ सड़क और फुटपाथ को भी व्यवस्थित किया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

रांची में कांके से प्रोजेक्ट भवन और धुर्वा तक का प्रमुख मार्ग जल्द ही अतिक्रमण और ट्रैफिक जाम से मुक्त होगा। जिला प्रशासन ने इस पूरे कॉरिडोर को मॉडल कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी है। अतिक्रमण हटाने के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया जाएगा, जो अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाएंगी। इसके साथ ही सड़क और फुटपाथ को भी व्यवस्थित किया जाएगा, ताकि पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। प्रशासन का उद्देश्य इस पूरे मार्ग को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और यातायात के अनुकूल बनाना है।
मॉडल शहरी कॉरिडोर के रूप में होगा विकास
बैठक में स्पष्ट किया गया कि अभियान का उद्देश्य केवल अवैध अतिक्रमण हटाना नहीं होगा, बल्कि सड़क, फुटपाथ, पार्किंग, ऑटो स्टैंड, वेंडिंग गतिविधियों और अन्य सार्वजनिक स्थलों का वैज्ञानिक और सही प्रबंधन भी सुनिश्चित किया जाएगा. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पूरे अभियान को योजनाबद्ध, समयबद्ध और चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाए, जिससे कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण की समस्या न हो. नगर निगम इस पूरे मार्ग को राजधानी के मॉडल शहरी कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की योजना पर काम करेगा. इसके लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया जाएगा, जो अतिक्रमण हटाने के साथ सड़क और फुटपाथ की व्यवस्था, यातायात और नागरिक सुविधाओं से जुड़े अन्य पहलुओं की भी निगरानी और कार्रवाई करेगी.
अभियंत्रण शाखा को सर्वेक्षण करने का निर्देश
नगर आयुक्त ने अभियंत्रण शाखा को निर्देश दिया कि हरमू बाइपास सहित पूरे कॉरिडोर का सर्वेक्षण कर जहां फुटपाथ नहीं है, वहां नए पाथ-वे (फुटपाथ) का निर्माण कराएं. जहां अतिक्रमण या अन्य कारणों से फुटपाथ बाधित है, उसे तत्काल खाली कराएं. भू-संपदा शाखा को निर्देश दिया गया कि कांके राम मंदिर चौक से प्रोजेक्ट भवन तक सड़क के दोनों किनारों का मेजरमेंट सर्वे किया जाए. सर्वेक्षण के माध्यम से यह चिह्नित किया जाएगा कि किन-किन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा सड़क अथवा सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण किया गया है.
दीवारों पर होगी आकर्षक वॉल पेंटिंग
बैठक में निर्णय लिया गया कि पूरे मार्ग पर जरूरत अनुसार वर्टिकल गार्डन, ग्रीन पैच डेवलपमेंट, दीवारों पर आकर्षक वॉल पेंटिंग और सौंदर्यीकरण के अन्य कार्य किए जाएंगे, जिससे कि यह कॉरिडोर साफ, पर्यावरण अनुकूल और आकर्षक स्वरूप में विकसित हो सके. नागा बाबा खटाल सब्जी मार्केट के पास रांची नगर निगम की भूमि पर स्थायी ऑटो स्टैंड विकसित करने का निर्देश दिया गया.

