झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड प्रशिक्षित सहायक आचार्य (पारा कोटि) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2026 का विज्ञापन जारी कर दिया है। 31 जुलाई से 30 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन होंगे। कुल 7,299 पदों पर नियमित और बैकलॉग श्रेणी में नियुक्तियां की जाएंगी।

रांची: झारखंड के पारा शिक्षकों के लिए बड़ी राहत और सुनहरा अवसर सामने आया है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड प्रशिक्षित सहायक आचार्य (पारा कोटि) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2026 का आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया है। इसके तहत राज्य में 7,299 सहायक आचार्य पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
आयोग के अनुसार, इच्छुक पारा शिक्षक 31 जुलाई 2026 से 30 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 1 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है, जबकि फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने तथा आवेदन पत्र का प्रिंट आउट लेने के लिए 3 सितंबर 2026 तक लिंक उपलब्ध रहेगा।
भर्ती प्रक्रिया में 6,101 नियमित पदों और 1,190 बैकलॉग पदों पर चयन किया जाएगा। इन पदों के लिए अभ्यर्थियों को एनसीटीई द्वारा निर्धारित शैक्षणिक योग्यता के साथ संबंधित कक्षा के लिए JTET (झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा) उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा।
हालांकि, जिन पारा शिक्षकों ने CTET या झारखंड के पड़ोसी राज्यों की मान्यता प्राप्त शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण की है, वे भी इस भर्ती परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। ऐसे अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिलने के बाद तीन वर्ष के भीतर उपलब्ध पहले अवसर में JTET उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा।
इस भर्ती अभियान के जरिए लंबे समय से नियमित नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हजारों पारा शिक्षकों को सरकारी सेवा में आने का बड़ा अवसर मिलेगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन से पहले JSSC द्वारा जारी विस्तृत अधिसूचना को ध्यानपूर्वक पढ़ें और निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।

