Jharkhand SIR: दावा-आपत्ति की सुनवाई में तेजी लाने का निर्देश, BLO को घर-घर जाकर सत्यापन का टास्क

0
74
Share This Post

25 अगस्त से 4 सितंबर तक चलेगा Home to Roll Visit, Form-6 और Form-8 के जरिए पात्र मतदाताओं तक पहुंचने पर जोर

रांची। झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया को लेकर अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में दावा-आपत्ति से जुड़े मामलों की सुनवाई, नोटिस वितरण और मतदाताओं से संबंधित प्रपत्रों के निष्पादन समेत अब तक किये गये कार्यों की विधानसभा क्षेत्रवार समीक्षा की गयी।

बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी के अलावा सभी विधानसभा क्षेत्रों के ERO, AERO और Additional AERO मौजूद रहे। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि SIR से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किये जाएं और किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं हो।

दावा-आपत्ति के मामलों का जल्द करें निपटारा

समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने दावा-आपत्ति से संबंधित मामलों की सुनवाई और नोटिस वितरण की स्थिति की जानकारी ली। सभी ERO और AERO को निर्देश दिया गया कि नोटिस वितरण के साथ सुनवाई की प्रक्रिया भी तय समयसीमा में पूरी की जाए।

प्राप्त आवेदनों और दस्तावेजों का नियमानुसार सत्यापन कर लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने को कहा गया है।

Form-6 और Form-8 के लिए BLO को सक्रिय करने का निर्देश

बैठक में Form-6 और Form-8 को लेकर भी विशेष निर्देश दिये गये। BLO को अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं तक पहुंच बनाने और जरूरत के अनुसार संबंधित प्रपत्र उपलब्ध कराने को कहा गया।

अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रपत्र मिलने के बाद उनकी जांच और आगे की कार्रवाई में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

25 अगस्त से 4 सितंबर तक घर-घर जायेंगे BLO

SIR के तहत 25 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक BLO द्वारा Home to Roll Visit किया जा रहा है। इस दौरान BLO घर-घर जाकर मतदाता सूची से जुड़ी आवश्यक जानकारी का सत्यापन करेंगे।

इसके साथ ही “Family Together” स्टिकर लगाने का काम भी किया जायेगा। ERO और AERO को BLO के क्षेत्रीय कार्यों की लगातार निगरानी करने और किसी तरह की समस्या आने पर तत्काल समाधान कराने का निर्देश दिया गया।

BLA-2 को भी उपलब्ध कराये जा रहे जरूरी फॉर्म

बैठक में BLO द्वारा BLA-2 को Form-9, Form-10, Form-11, Form-11A और Form-11B उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की भी समीक्षा हुई।

संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि इन प्रपत्रों का हस्तांतरण नियमों के अनुसार और निर्धारित समय में पूरा किया जाए। साथ ही, सभी दस्तावेजों का उचित रिकॉर्ड रखने को भी कहा गया है।

BLO के काम की लगातार होगी मॉनिटरिंग

अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि SIR के हर चरण की नियमित समीक्षा की जाए। खासकर BLO के क्षेत्रीय कार्यों पर लगातार नजर रखने और उन्हें जरूरत के अनुसार स्पष्ट दिशा-निर्देश देने को कहा गया है।

बैठक में यह भी कहा गया कि क्षेत्र स्तर पर आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए, ताकि पुनरीक्षण का काम प्रभावित न हो।

पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची पर जोर

अधिकारियों ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है। इसलिए SIR से जुड़े सभी अधिकारी और कर्मचारी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए गंभीरता और समयबद्धता के साथ काम करें।

समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि दावा-आपत्ति से लेकर घर-घर सत्यापन और प्रपत्रों के निष्पादन तक किसी भी चरण में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जायेगी।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here