
पूर्व विधायकों की सुविधाओं पर उठी मांगें, परिसहाय का मानदेय 35 हजार करने और आयकर छूट की मांग
झारखंड राज्य पूर्व विधायक परिषद चलायेगा सदस्यता अभियान, 11 सदस्यीय उपसमिति को दी गयी जिम्मेदारी; प्रमंडलवार पूर्व विधायकों को सौंपा गया अभियान का दायित्व

रांची: झारखंड राज्य पूर्व विधायक परिषद को मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। परिषद की बैठक में पूर्व विधायकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई। साथ ही राज्यहित के महत्वपूर्ण और ज्वलंत विषयों पर समय-समय पर चर्चा एवं परिचर्चा आयोजित करने पर भी सहमति बनी।
सुविधाओं में बदलाव की मांग
बैठक के दौरान झारखंड राज्य विधायक-सांसद गृह निर्माण स्वावलंबी संस्था की बैठक बुलाने का मुद्दा भी सामने आया। इसके अलावा पूर्व विधायकों के परिसहाय का मानदेय बढ़ाकर 35 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग रखी गयी।
पूर्व विधायकों के आश्रितों को भी चिकित्सा सुविधा का लाभ देने और मौजूदा विधायकों की तरह पूर्व विधायकों को आयकर में छूट देने की मांग पर भी विचार किया गया।
सदस्यता अभियान के लिए बनी 11 सदस्यीय टीम
परिषद के सदस्यता अभियान को गति देने के लिए 11 सदस्यीय उपसमिति का गठन किया गया है। इसमें भुनेश्वर मेहता, केशव महतो कमलेश, रामटहल चौधरी, डॉ दिनेश सारंगी, डॉ लम्बोदर महतो, गौतम सागर राणा, डॉ रवींद्र राय, थोमस सोरेन, रामचन्द्र केशरी, राजेश रंजन और प्रवीण कुमार सिंह को शामिल किया गया है।
अलग-अलग प्रमंडलों में पूर्व विधायकों को जिम्मेदारी
सदस्यता अभियान को क्षेत्रवार आगे बढ़ाने के लिए अलग-अलग जिलों और प्रमंडलों में पूर्व विधायकों को जिम्मेदारी दी गयी है।
पलामू: राजेंद्र प्रताप देव, रामचन्द्र केशरी और घूरन राम।
कोल्हान: डॉ प्रदीप कुमार बालमुचू, अरविंद सिंह और बड़कुंवर गगराई।
हजारीबाग: जय प्रकाश भाई पटेल, गौतम सागर राणा और किसुन दास।
धनबाद: डॉ रवींद्र राय, डॉ लंबोदर महतो और अपर्णा सेन गुप्ता।
संताल परगना और दक्षिण छोटानागपुर में भी जिम्मेदारी
संताल परगना के देवघर, दुमका और जामताड़ा में सदस्यता अभियान की जिम्मेदारी सुनील सोरेन, सत्यानंद झा, बाटुल, शशांक शेखर भोक्ता और नारायण दास को दी गयी है। वहीं गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में राजेश रंजन, थोमस सोरेन और मिस्त्री सोरेन अभियान चलायेंगे।
दक्षिण छोटानागपुर के लोहरदगा में प्रवीण सिंह और कमलेश उरांव तथा रांची में डॉ जय प्रकाश गुप्ता, राम कुमार पाहन और समरी लाल को जिम्मेदारी सौंपी गयी है।
भुनेश्वर मेहता की अध्यक्षता में हुई बैठक
बैठक की अध्यक्षता झारखंड राज्य पूर्व विधायक परिषद के अध्यक्ष भुनेश्वर मेहता ने की। परिषद के महासचिव केशव महतो कमलेश सहित बड़ी संख्या में पूर्व विधायक बैठक में मौजूद रहे।



