
झारखंड में युवाओं के लिए नौकरी का मौका! वन विभाग में JRF-SRF के पदों पर भर्ती, 42 हजार तक मिलेगी सैलरी; जानें इंटरव्यू की तारीख
रांची: झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। वन एवं पर्यावरण के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए राज्य के वन विभाग ने भर्ती का अवसर दिया है। विभाग की ओर से चतरा, गिरिडीह और रांची में रिसर्च से जुड़े विभिन्न पदों पर संविदा के आधार पर नियुक्तियां की जा रही हैं। खास बात यह है कि इन पदों पर चयन के लिए लिखित परीक्षा के बजाय वॉक-इन-इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा।
इस भर्ती के तहत जूनियर रिसर्च फेलो (JRF) और सीनियर रिसर्च फेलो (SRF) के पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन होगा। पद के अनुसार 30 हजार से 42 हजार रुपये तक मासिक मानदेय दिया जाएगा। कुछ पदों पर हाउस रेंट अलाउंस (HRA) का लाभ भी मिलेगा।
चतरा में JRF के दो और SRF का एक पद
चतरा उत्तरी वन प्रमंडल में नेशनल वर्किंग प्लान कोड-2023 के तहत वर्किंग प्लान तैयार करने के लिए संविदा पर नियुक्तियां की जा रही हैं। इसके अंतर्गत सीनियर रिसर्च फेलो (SRF) का एक और जूनियर रिसर्च फेलो (JRF) के दो पदों पर भर्ती होगी।
SRF पद के लिए फॉरेस्ट्री, इकोलॉजी, स्टैटिस्टिक्स, वाइल्डलाइफ बायोलॉजी या संबंधित विषय में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ पोस्टग्रेजुएट होना अनिवार्य है। साथ ही CSIR-UGC NET या GATE उत्तीर्ण होना चाहिए। अभ्यर्थी के पास दो वर्ष का शोध अनुभव अथवा पीएचडी में अध्ययनरत होने की योग्यता भी होनी चाहिए।
वहीं, JRF पद के लिए संबंधित विषय में पोस्टग्रेजुएट और CSIR-UGC NET या GATE उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयनित SRF को 35 हजार रुपये और JRF को 30 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा।
इंटरव्यू की तारीख: 20 नवंबर 2026, सुबह 11 बजे से।
गिरिडीह में भी रिसर्च के तीन पदों पर होगी भर्ती
गिरिडीह पश्चिमी वन प्रमंडल में भी रिसर्च से जुड़े तीन पदों पर नियुक्ति की जाएगी। यहां सुरक्षित और आरक्षित वनों से संबंधित आंकड़ों के संग्रह, आकलन और रखरखाव के लिए जूनियर रिसर्च फेलो के दो और सीनियर रिसर्च फेलो का एक पद निर्धारित किया गया है। हालांकि, पदों की संख्या में बदलाव संभव है।
इन पदों के लिए संबंधित विषयों में पोस्टग्रेजुएट होना और निर्धारित नियमों के अनुसार NET/GATE उत्तीर्ण होना जरूरी है। चयनित JRF को 30 हजार रुपये और SRF को 35 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा।
इंटरव्यू की तारीख: 21 नवंबर 2026, पूर्वाह्न 11 बजे से।
इंटरव्यू स्थल: गिरिडीह पश्चिमी वन प्रमंडल पदाधिकारी का कार्यालय।
रांची में SRF पद पर 42 हजार रुपये मानदेय
रांची स्थित वन भवन के वैज्ञानिक वानिकी प्रबंधन यूनिट के तहत सीनियर रिसर्च फेलो (SRF) के एक पद पर नियुक्ति निकाली गई है। इस पद के लिए वानिकी, वनस्पति विज्ञान, कृषि, सांख्यिकी, रिमोट सेंसिंग एवं जीआईएस, वाइल्डलाइफ साइंस, जूलॉजी या बायोटेक्नोलॉजी में प्रथम श्रेणी से एमएससी होना अनिवार्य है।
इसके अलावा अभ्यर्थी के पास UGC, CSIR, ICAR या ICFRE NET उत्तीर्ण होने अथवा पीएचडी की योग्यता होनी चाहिए। इस पद के लिए अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी।
चयनित अभ्यर्थी को 42 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय के साथ 18 प्रतिशत HRA भी दिया जाएगा। यह HRA तीसरे, चौथे और पांचवें वर्ष के लिए निर्धारित है।
इंटरव्यू की तारीख: 21 नवंबर 2026, सुबह 10 बजे से।
इंटरव्यू में कौन-कौन से दस्तावेज ले जाना जरूरी?
इच्छुक अभ्यर्थियों को संबंधित वन प्रमंडल या कार्यालय की आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार निर्धारित प्रारूप में आवेदन करना होगा। इंटरव्यू के समय शैक्षणिक योग्यता के प्रमाणपत्र, NET/GATE प्रमाणपत्र, शोध अनुभव से जुड़े दस्तावेज, आयु प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी कागजात की मूल प्रति के साथ छायाप्रति भी ले जानी होगी।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि इंटरव्यू में शामिल होने से पहले संबंधित पद की आधिकारिक विज्ञप्ति जरूर देख लें। इसमें आवेदन की प्रक्रिया, पात्रता, जरूरी दस्तावेज और इंटरव्यू स्थल से जुड़ी जानकारी की पुष्टि कर लें।




