
पटाखे की चिंगारी से फल के गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों रुपये का सामान जलकर राख
रांची के हिंदपीढ़ी सेकंड स्ट्रीट में सोमवार को एक फल के गोदाम में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में गोदाम में रखे प्लास्टिक के कैरेट और उनमें रखे फल जलकर नष्ट हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोदाम शाहिद नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस अगलगी में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
पटाखे की चिंगारी से आग लगने की आशंका
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सोमवार को एक पटाखा जलता हुआ गोदाम के अंदर आ गिरा। इसकी चिंगारी से वहां रखे प्लास्टिक के कैरेट में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास रखे दर्जनों कैरेट को अपनी चपेट में ले लिया। प्लास्टिक के कैरेट धू-धू कर जलने लगे और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने का किया प्रयास
गोदाम में आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें काफी ऊंची होने के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके बाद हिंदपीढ़ी पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम को सूचना दी गई।
दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम घटनास्थल पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने करीब दो घंटे तक लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक गोदाम में रखे प्लास्टिक के दर्जनों कैरेट और फल जलकर बर्बाद हो चुके थे। घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।




