Vehicle Scheme झारखंड सरकार ने ग्रामीण परिवहन व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना (Mukhyamantri Gram Gadi Yojana) के तहत साहिबगंज जिले के तीन नए ग्रामीण मार्गों को मंजूरी दे दी गई है। यह योजना झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विजन का हिस्सा है और इसे 2023 में लॉन्च किया गया था ।
इस योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सस्ती और सुलभ सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार जैसी आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में आसानी हो । छात्रों, वरिष्ठ नागरिकों, विधवा पेंशनधारियों और अन्य पात्र लाभार्थियों को इस योजना के तहत मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी जाती है ।
परिवहन विभाग की अधिसूचना के बाद इन मार्गों पर सार्वजनिक परिवहन सेवा शुरू करने की प्रक्रिया तेज होगी। सरकार का कहना है कि नई बस सेवाएं शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्कूल, अस्पताल, बाजार, रेलवे स्टेशन और सरकारी कार्यालयों तक पहुंचना पहले की तुलना में अधिक आसान और सुविधाजनक होगा।
अधिसूचना के अनुसार, पहला नया मार्ग हिरणपुर से छिछू तक लगभग 39 किलोमीटर लंबा होगा। यह मार्ग सरकंडा, समड़ा, रंगा, पंचकटिया, बरहेट प्रखंड कार्यालय और गहलो जैसे क्षेत्रों से होकर गुजरेगा। दूसरा मार्ग डांगापाड़ा से साहिबगंज तक लगभग 90 किलोमीटर लंबा होगा। यह मार्ग हिरणपुर, तालझारी, बरहेट, रंगा और बोरियो होते हुए साहिबगंज रेलवे स्टेशन तक पहुंचेगा।
तीसरा मार्ग उपवा बाजार से साहिबगंज सदर अस्पताल तक लगभग 90 किलोमीटर का होगा। यह बस सेवा मोहनपुर, जितका, तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन और हिरणपुर हाई स्कूल सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों को जोड़ेगी।
इन तीन नए मार्गों के जुड़ने से पहले राज्य में मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना के तहत 601 ग्रामीण मार्ग पहले ही अधिसूचित किए जा चुके हैं। अब साहिबगंज के इन नए मार्गों को शामिल किए जाने से योजना का दायरा और अधिक व्यापक हो गया है।
झारखंड सरकार निजी ऑपरेटरों को बस सेवाएं चलाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है । सरकार बस खरीद के लिए लिए गए ऋण पर 5 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी प्रदान करती है और परमिट, बीमा, वाहन पंजीकरण आदि के लिए केवल 1 रुपये का टोकन भुगतान लिया जाता है । इसके अलावा, सरकार बसों के संचालन के लिए प्रति किलोमीटर के हिसाब से वित्तीय सहायता भी प्रदान करती है ।
सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सस्ती, सुरक्षित और नियमित सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक उनकी पहुंच बेहतर हो सके। साहिबगंज जिले में गंगा पार करने के लिए नाव पर निर्भरता की समस्या को देखते हुए , यह नई बस सेवाएं ग्रामीणों के लिए वरदान साबित होगी।
बाहरी संसाधन
- परिवहन विभाग, झारखंड सरकार: https://www.jharkhand.gov.in/transport
- मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना: https://www.jharkhand.gov.in
Sakhua Festival: रांची में पहली बार आयोजित होगा सखुआ महोत्सव, 5 साल में 1 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य


