रांची के कांके में हरियाली की पहल, दुबलिया गांव में ग्रामीणों को बांटे गए 435 पौधे

0
59
Share This Post

सर्वेश्वरी वृक्षारोपण अभियान-2026 के पांचवें चरण में आम, अमरूद, आंवला, जामुन समेत कई प्रजातियों के पौधों का वितरण, अब तक 1500 पौधे लगाए और बांटे गए

रांची: पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रांची के कांके प्रखंड स्थित दुबलिया गांव में पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्री सर्वेश्वरी समूह, रांची शाखा की ओर से रविवार को सर्वेश्वरी वृक्षारोपण अभियान-2026 के पांचवें चरण का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों के बीच अलग-अलग प्रजातियों के 435 पौधे वितरित किए गए।

पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुआ कार्यक्रम

कार्यक्रम की शुरुआत गांव के शिव मंदिर में आरती-पूजन और दीपदान के साथ हुई। इसके बाद ग्रामीणों के साथ एक लघु गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें श्री सर्वेश्वरी समूह के सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यों के बारे में जानकारी दी गई।

गोष्ठी के दौरान पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। वक्ताओं ने पेड़ों की घटती संख्या से पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की अपील की।

आम से लेकर सागवान तक के पौधे बांटे

अभियान के तहत ग्रामीणों को आम, अमरूद, महोगनी, आंवला, जामुन, कटहल और सागवान समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधे दिए गए। कुल 435 पौधों का वितरण किया गया। ग्रामीणों से इन पौधों को लगाने के साथ-साथ नियमित रूप से उनकी देखभाल करने की अपील भी की गई।

पांच स्थानों पर हो चुका है अभियान

श्री सर्वेश्वरी समूह की ओर से बताया गया कि वृक्षारोपण अभियान-2026 के तहत दुबलिया से पहले रांची के हिसरी और हुटरी, गुमला के कोइन्जारा तथा खूंटी के सुवारी जल्टंडा में भी पौधरोपण और पौध वितरण कार्यक्रम किए जा चुके हैं।

इन सभी अभियानों को मिलाकर अब तक करीब 1500 पौधों का रोपण और वितरण किया जा चुका है। संस्था का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को पेड़-पौधों के महत्व के प्रति जागरूक करना है।

ग्रामीणों और सदस्यों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

कार्यक्रम को सफल बनाने में आशुतोष नाथ शाहदेव का विशेष सहयोग रहा। वहीं दुबलिया गांव से बिमल पहान, सतीश प्रधान, संदीप उरांव, अजय कच्छप और सनीचर उरांव ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

श्री सर्वेश्वरी समूह की रांची शाखा से राधेश्याम सिंह, आनंद सिंह, अरुण सिंह, प्रताप आदित्य नाथ शाहदेव, पवन कुमार, अंजनी सिंह, गिरेन्द्र नाथ शाहदेव, सौरभ राज, रोहित सिंह और डॉ. स्वीटी रानी समेत करीब 25 श्रद्धालु-सदस्य कार्यक्रम में मौजूद रहे।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here