पत्रकार सुरक्षा कानून, बीमा और आवास योजना लागू करने की मांग; राज्यपाल ने मुख्यमंत्री से बातचीत का दिया आश्वासन

रांची। झारखंड में पत्रकारों के हित, सुरक्षा और कल्याण से जुड़े मुद्दों को लेकर श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने लोक भवन में राज्यपाल के सामने पत्रकारों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को रखा।
प्रतिनिधिमंडल में संघ के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र गिरी, जिलाध्यक्ष जावेद अख्तर और उपाध्यक्ष विनय मुर्मू शामिल रहे। इस दौरान पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़े कानून को लागू करने, पत्रकारों के लिए बीमा सुविधा उपलब्ध कराने और आवास योजना शुरू करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
पत्रकार सुरक्षा और कल्याण के मुद्दे पर चर्चा
संघ के सदस्यों ने पत्रकारों के खिलाफ दर्ज मामलों की समीक्षा करने की मांग भी राज्यपाल के समक्ष रखी। इसके अलावा प्रोजेक्ट भवन में बिना आईडी कार्ड प्रवेश पर रोक से जुड़े मुद्दे पर भी चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पत्रकारों को अपने पेशे से जुड़े कार्यों के दौरान कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उनकी सुरक्षा और सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू किया जाना जरूरी है।
मुख्यमंत्री से बातचीत का आश्वासन
प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आश्वासन दिया कि पत्रकारों से जुड़े इन मुद्दों को लेकर वह मुख्यमंत्री से बातचीत करेंगे। राज्यपाल के इस आश्वासन के बाद संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि पत्रकारों की लंबित मांगों पर सरकार जल्द सकारात्मक पहल करेगी।

