रांची में SBI की मुख्य शाखा के बाहर बैंक कर्मचारी और अधिकारियों ने जताया विरोध, मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

रांची। बैंकों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर बैंक कर्मचारी और अधिकारियों ने प्रदर्शन किया। राजधानी रांची के कचहरी स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा के बाहर बड़ी संख्या में बैंककर्मी जुटे और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन में महिला बैंककर्मियों की भी अच्छी भागीदारी रही। बैंक यूनियन के नेताओं ने केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लंबे समय से पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस पर फैसला नहीं लिया गया है। यूनियन नेता प्रकाश उरांव ने कहा कि केंद्र सरकार की टालमटोल की नीति का बैंक कर्मचारी विरोध करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बैंक कर्मचारियों के साथ दोहरा व्यवहार किया जा रहा है।
कई क्षेत्रों में पहले से लागू है पांच दिवसीय कार्य व्यवस्था

बैंककर्मियों का कहना है कि रिजर्व बैंक, नाबार्ड, सेबी, स्टॉक एक्सचेंज, बीमा कंपनियों, कॉरपोरेट और आईटी सेक्टर समेत कई संस्थानों में पांच दिवसीय कार्य व्यवस्था लागू है। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों, सरकारी मंत्रालयों और न्यायालयों में भी पांच दिन काम की व्यवस्था का हवाला देते हुए बैंककर्मियों ने वाणिज्यिक बैंकों में भी इसे लागू करने की मांग की।
मांग नहीं मानी तो आंदोलन होगा तेज
बैंक यूनियन के नेता कुणाल कुमार ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था को लेकर इंडियन बैंक एसोसिएशन और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बीच सहमति और सुझाव सामने आने के बावजूद इसे अब तक लागू नहीं किया गया है। उन्होंने इसे चिंता का विषय बताया। बैंककर्मियों ने केंद्र सरकार से जल्द पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

