पति सरकारी नौकरी में फिर भी लिया मंईयां सम्मान योजना का लाभ, दुमका में 4 महिलाओं को ₹2.12 लाख वसूली का नोटिस

0
71
Share This Post

सत्यापन में सामने आई गड़बड़ी के बाद प्रशासन सख्त। गलत तरीके से ली गई राशि ब्याज समेत लौटाने का निर्देश, नहीं देने पर होगी कानूनी कार्रवाई।

दुमका: झारखंड की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना में नियमों के विपरीत लाभ लेने का मामला सामने आया है। दुमका जिले के रानीश्वर प्रखंड में जांच के दौरान चार ऐसी महिलाओं की पहचान हुई है, जिनके पति सरकारी सेवा में हैं, इसके बावजूद उन्होंने योजना का लाभ लिया।

मामला सामने आने के बाद प्रखंड प्रशासन ने चारों महिलाओं को कुल 2.12 लाख रुपये की राशि वापस करने का नोटिस जारी किया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय के भीतर राशि जमा नहीं करने पर संबंधित लाभुकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

भौतिक सत्यापन में सामने आई गड़बड़ी

उपायुक्त के निर्देश पर रानीश्वर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों का भौतिक सत्यापन कराया गया था।

जांच के दौरान पता चला कि कुछ लाभुकों के परिवार में सरकारी कर्मचारी होने के बावजूद योजना का लाभ लिया जा रहा था। इसके बाद संबंधित महिलाओं को पहले नोटिस देकर जवाब मांगा गया, लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर अब राशि की वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

चार महिलाओं से मांगी गई राशि

प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार सिन्हा के अनुसार:

  • मीतू कुमारी के पति रेलवे में कार्यरत हैं। उनसे 60,480 रुपये वापस करने को कहा गया है।
  • शिल्पी चक्रवर्ती के पति सरकारी शिक्षक हैं। उनसे 30,800 रुपये की वसूली का नोटिस जारी हुआ है।
  • जुई कुमारी साहा से 60,480 रुपये जमा करने को कहा गया है।
  • रिमा चंद्रा से भी 60,480 रुपये वापस करने का निर्देश दिया गया है।

रिमा पर कार्ड को लेकर भी उठे सवाल

जांच के दौरान रिमा चंद्रा से जुड़ा एक और मामला सामने आया। आरोप है कि उन्होंने योजना का लाभ लेने के लिए पहले लाल कार्ड बनवाया और लाभ मिलने के बाद उसे हटवाकर हरा कार्ड बनवा लिया। प्रशासन के अनुसार, दोनों कार्डों के माध्यम से राशन उठाव की भी जानकारी मिली है।

जांच में यह भी सामने आया कि उनके पास दो मंजिला पक्का मकान है।

समय पर राशि नहीं लौटाने पर होगी कार्रवाई

प्रशासन ने सभी संबंधित महिलाओं को निर्देश दिया है कि वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत राशि वापस जमा करें। इसके लिए सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के नाम ड्राफ्ट बनाकर प्रखंड कार्यालय में जमा करने को कहा गया है।

बीडीओ ने बताया कि दो महिलाओं ने राशि जमा करने की बात स्वीकार कर ली है। वहीं, अगर बाकी लाभुक समय पर राशि वापस नहीं करती हैं, तो उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here