रांची से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और जम्मूतवी जाने-आने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग, कई कोचों में रिग्रेट; यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे ने भेजा प्रस्ताव

रांची: दशहरा और दीपावली का त्योहार करीब आते ही ट्रेनों में टिकटों की मारामारी शुरू हो गयी है। त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में लोग दूसरे शहरों से अपने घर लौटते हैं, वहीं झारखंड आने वाले यात्रियों की संख्या भी बढ़ जाती है। इसका असर अभी से रेलवे रिजर्वेशन पर दिखने लगा है।
रांची से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, जम्मूतवी और आनंदविहार समेत कई प्रमुख शहरों के बीच चलने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। कई ट्रेनों में स्लीपर, थर्ड एसी और थर्ड एसी इकोनॉमी में रिग्रेट की स्थिति बन गयी है। यानी इन क्लास में फिलहाल टिकट बुक करने की सुविधा उपलब्ध नहीं है।
दिल्ली और जम्मूतवी की ट्रेनों में भीड़
6 नवंबर को ट्रेन संख्या 20840 नयी दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस के थर्ड एसी में 249 वेटिंग है, जबकि टू एसी में रिग्रेट है।
इसी तरह 12874 आनंदविहार-हटिया झारखंड स्वर्णजयंती एक्सप्रेस में स्लीपर, थर्ड एसी इकोनॉमी और थर्ड एसी में टिकट उपलब्ध नहीं है।
18310 जम्मूतवी-संबलपुर एक्सप्रेस में भी 6 नवंबर को स्लीपर और थर्ड एसी में रिग्रेट है। 7 नवंबर को भी दोनों क्लास में यही स्थिति बनी हुई है।
वहीं, 12454 नयी दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस में 7 नवंबर को थर्ड एसी में 197 और टू एसी में 84 वेटिंग चल रही है।
बेंगलुरु और मुंबई रूट पर भी बढ़ी परेशानी
त्योहारों के दौरान दक्षिण भारत और मुंबई से रांची आने वाले यात्रियों के लिए भी टिकट मिलना मुश्किल हो गया है।
18638 बेंगलुरु-हटिया एक्सप्रेस में 3 नवंबर को स्लीपर में रिग्रेट है, जबकि थर्ड एसी में 173 वेटिंग है। वहीं 12836 बेंगलुरु-हटिया एक्सप्रेस में 3 नवंबर को स्लीपर और थर्ड एसी इकोनॉमी में रिग्रेट है। थर्ड एसी में 120 वेटिंग चल रही है।
5 नवंबर को भी इस ट्रेन के स्लीपर और थर्ड एसी में रिग्रेट, जबकि थर्ड एसी इकोनॉमी में 78 वेटिंग है।
मुंबई से आने वाली 12811 एलटीटी-हटिया एक्सप्रेस में भी 1 नवंबर को स्लीपर में 63, थर्ड एसी इकोनॉमी में 34 और थर्ड एसी में 47 वेटिंग है। 2 नवंबर को स्लीपर में 74, थर्ड एसी इकोनॉमी में 30 और थर्ड एसी में 48 वेटिंग पहुंच गयी है।
रांची से जाने वाली ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग
सिर्फ रांची आने वाली ट्रेनों में ही नहीं, बल्कि रांची से दूसरे शहरों की ओर जाने वाली ट्रेनों में भी टिकटों की मांग बढ़ गयी है।
20839 रांची-नयी दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में 17 अक्तूबर को थर्ड एसी में 90 और टू एसी में 43 वेटिंग है।
18309 हटिया-नयी दिल्ली एक्सप्रेस में स्लीपर में 87 और थर्ड एसी में 81 वेटिंग चल रही है।
वहीं 12817 हटिया-स्वर्णजयंती एक्सप्रेस में 18 अक्तूबर को स्लीपर में 32, थर्ड एसी इकोनॉमी में 4 और थर्ड एसी में 10 वेटिंग है।
18637 हटिया-बेंगलुरु एक्सप्रेस में 17 अक्तूबर को स्लीपर में 44 आरएसी और थर्ड एसी में 22 वेटिंग है।
यात्रियों को राहत देने के लिए 12 स्पेशल ट्रेन का प्रस्ताव
त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रांची रेल डिविजन ने दक्षिण-पूर्व रेलवे मुख्यालय को 12 स्पेशल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव भेजा है।
प्रस्तावित स्पेशल ट्रेनों में रांची-जयनगर, रांची-नयी दिल्ली, रांची-अजमेर, रांची-मुंबई, रांची-आरा, रांची-बनारस और रांची-कोलकाता रूट शामिल हैं।
डीआरएम करुणानिधि सिंह ने कहा कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए अधिक से अधिक ट्रेनों का परिचालन करने की कोशिश की जा रही है, ताकि पूजा के दौरान लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो।




