आज रांची पहुंचेगी डूरंड कप की ट्रॉफी, शहर के चार प्रमुख स्थानों पर होगा दीदार

0
78
Share This Post

न्यूक्लियस मॉल से शुरू होगा ट्रॉफी टूर, मोराबादी मैदान, फिरायालाल चौक और सुजाता चौक पर फुटबॉल प्रेमी कर सकेंगे दर्शन।

रांची। एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप को लेकर राजधानी रांची में उत्साह चरम पर है। शनिवार को डूरंड कप की चमचमाती ट्रॉफी रांची पहुंचेगी, जहां शहर के चार प्रमुख स्थानों पर इसे आम लोगों के दर्शन और फोटो सेशन के लिए प्रदर्शित किया जाएगा।

ट्रॉफी टूर की शुरुआत दोपहर 3:30 बजे न्यूक्लियस मॉल से होगी। इसके बाद ट्रॉफी शाम 4:30 बजे मोराबादी मैदान, 5:30 बजे फिरायालाल चौक और सुजाता चौक पहुंचेगी। कार्यक्रम के समापन के बाद शाम 6:30 बजे ट्रॉफी वापस दीपाटोली मिलिट्री स्टेशन ले जाई जाएगी। आयोजन समिति के अनुसार, ट्रॉफी टूर का उद्देश्य लोगों के बीच डूरंड कप के प्रति उत्साह बढ़ाना और अधिक से अधिक दर्शकों को फुटबॉल से जोड़ना है। प्रत्येक स्थान पर बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमियों और युवाओं के जुटने की संभावना है।

रांची में इस वर्ष भी बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में डूरंड कप के मुकाबले खेले जाएंगे। ट्रॉफी टूर के जरिए खेल प्रेमियों को ऐतिहासिक टूर्नामेंट की ट्रॉफी के साथ तस्वीर लेने और इस खास पल का हिस्सा बनने का अवसर मिलेगा। राजधानी रांची की समृद्ध फुटबॉल परंपरा और खेल प्रेमियों के उत्साह को देखते हुए डूरंड कप ट्रॉफी टूर को इस बार भी विशेष आकर्षण माना जा रहा है। आयोजकों को उम्मीद है कि यह आयोजन टूर्नामेंट के प्रति लोगों की रुचि और सहभागिता को और बढ़ाएगा।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here