सरकारी कार्यक्रम से वित्त मंत्री की दूरी पर चर्चा, बोले, ‘हमें नहीं मिली थी सूचना’

0
312
Share This Post

दिल्ली में मौजूद रहने के बावजूद झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर राज्य सरकार के नेशनल स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए.

Jharkhand Finance Minister: झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर इन दिनों दिल्ली दौरे पर हैं। इसी बीच दिल्ली में झारखंड सरकार की ओर से नेशनल स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हैरानी की बात यह रही कि दिल्ली में मौजूद होने के बावजूद वित्त मंत्री इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

जब इस संबंध में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर से सवाल किया गया तो उन्होंने साफ कहा कि उन्हें इस कार्यक्रम की कोई सूचना नहीं दी गई थी। उनका कहना था कि वह पिछले दो दिनों से रांची से बाहर हैं और कार्यक्रम से जुड़ा कोई पत्र या आधिकारिक जानकारी उन्हें नहीं मिली। हालांकि, कांग्रेस कोटे से मंत्री दीपिका पांडेय और डॉ. इरफान अंसारी कार्यक्रम में शामिल हुए, जबकि कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की किसी कारणवश इसमें शामिल नहीं हो सकीं।

कांग्रेस मुख्यालय में खरगे और जयराम रमेश से मुलाकात

दिल्ली प्रवास के दौरान वित्त मंत्री कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और वरिष्ठ नेता जयराम रमेश से मुलाकात की। इस दौरान संगठन और राज्य सरकार के समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि संगठन बेहतर ढंग से काम कर रहा है और सरकार के साथ तालमेल बनाकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में विकास योजनाओं को गति दी जा रही है और गठबंधन दलों के साझा घोषणापत्र एवं नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू करने का प्रयास जारी है।

विभागीय सचिव के जवाब का अब भी इंतजार

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने हाल ही में सरकारी वाहन वापस करने को लेकर विभाग के संयुक्त सचिव पंकज सिंह की ओर से जारी पत्र पर सवाल उठाए थे। उन्होंने इस पूरे मामले में विभागीय सचिव को पत्र लिखकर स्थिति स्पष्ट करने को कहा था। हालांकि, अब तक विभाग की ओर से उन्हें इस संबंध में कोई जवाब या स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं हुआ है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here