दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए अलर्ट! 13 अक्टूबर तक दिल्ली कैंट पर नहीं रुकेगी बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस

0
72
Share This Post
स्टेशन के विकास कार्य के चलते उत्तर रेलवे का फैसला, 13 ट्रेनों का अस्थायी ठहराव रद्द; झारखंड-बंगाल की कई लोकल ट्रेनें भी रहेंगी प्रभावित।

धनबाद। दिल्ली की यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए अहम खबर है। उत्तर रेलवे ने दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों के कारण कई ट्रेनों के ठहराव में अस्थायी बदलाव किया है। इस फैसले के तहत धनबाद होकर चलने वाली 12372 बीकानेर-हावड़ा साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस समेत कुल 13 ट्रेनों का दिल्ली कैंट स्टेशन पर ठहराव निर्धारित अवधि तक नहीं होगा।

रेलवे के अनुसार यह व्यवस्था अलग-अलग तिथियों से लागू हो चुकी है और 13 अक्टूबर 2026 तक प्रभावी रहेगी। ऐसे में जिन यात्रियों को दिल्ली कैंट स्टेशन पर उतरना या वहां से ट्रेन पकड़नी है, उन्हें यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन जानकारी अवश्य जांच लेनी चाहिए।

उत्तर रेलवे की ओर से जारी सूचना में बताया गया है कि 1 अगस्त से 13 अक्टूबर के बीच दिल्ली सराय रोहिल्ला, अजमेर, जयपुर, जोधपुर, भुज, बाड़मेर, जैसलमेर, साबरमती समेत कई प्रमुख शहरों से आने-जाने वाली ट्रेनों का भी दिल्ली कैंट स्टेशन पर ठहराव अस्थायी रूप से समाप्त रहेगा।

यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने अपील की है कि सफर शुरू करने से पहले ट्रेन का रूट, समय और ठहराव की जानकारी अवश्य जांच लें। इसके लिए रेल मदद हेल्पलाइन 139 या रेलवे की आधिकारिक पूछताछ सेवा का उपयोग किया जा सकता है।

झारखंड-बंगाल रूट की कई ट्रेनें भी रहेंगी प्रभावित

दक्षिण पूर्व रेलवे ने भी आद्रा रेल मंडल में चल रहे विकास कार्यों के कारण कुछ ट्रेनों के संचालन में बदलाव की घोषणा की है।

  • भागा–आद्रा मेमू 7 और 9 अगस्त को दोनों दिशाओं में रद्द रहेगी।
  • गोमो–चक्रधरपुर एक्सप्रेस 4, 7 और 9 अगस्त को गोमो की बजाय महुदा से चक्रधरपुर के बीच संचालित होगी।
  • वापसी में भी ट्रेन चक्रधरपुर से महुदा तक ही चलेगी, जबकि गोमो–महुदा सेक्शन में इसका परिचालन रद्द रहेगा।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले संबंधित ट्रेन की ताजा स्थिति की पुष्टि जरूर कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here