
1 अक्टूबर से पर्यटकों के लिए खुलेगा बेतला नेशनल पार्क, पर्यटन सत्र की तैयारियां पूरी
पलामू टाइगर रिजर्व में सफारी ट्रैक और आंतरिक सड़कों की हुई मरम्मत, ट्री हाउस और केचकी संगम क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था की जांच

बेतला: झारखंड का प्रसिद्ध बेतला नेशनल पार्क 1 अक्टूबर से एक बार फिर पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके साथ ही पलामू टाइगर रिजर्व में नये पर्यटन सत्र की शुरुआत होगी। पार्क प्रबंधन ने पर्यटकों के स्वागत और उनकी सुविधा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं।
नये पर्यटन सत्र से पहले पार्क के अंदर की सड़कों और सफारी ट्रैक की मरम्मत का काम कराया गया है। अधिकारियों ने इन रास्तों का निरीक्षण कर तैयारियों की स्थिति का जायजा लिया।
ट्री हाउस और केचकी संगम पर भी तैयारी
पर्यटकों के प्रमुख आकर्षणों में शामिल ट्री हाउस, कैंटीन परिसर और केचकी संगम के इको स्ट्रीट की भी जांच की गयी। इन जगहों पर मजबूती और सुरक्षा से जुड़े मानकों को देखा गया, ताकि पर्यटन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
पार्क के डिप्टी डायरेक्टर प्रजेश कांत जेना समेत अन्य अधिकारियों ने जंगल क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान सफारी रूट से लेकर पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की गयी।
कैंटीन व्यवस्था को किया जाएगा बेहतर
पर्यटकों के लिए कैंटीन व्यवस्था को भी अपग्रेड करने के निर्देश दिए गये हैं। पार्क प्रबंधन की ओर से कैंटीन में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और पर्यटकों को स्वच्छ एवं बेहतर खान-पान उपलब्ध कराने को कहा गया है।
पार्क खुलने के साथ ही पर्यटक एक बार फिर जंगल सफारी, प्राकृतिक खूबसूरती और वन्यजीवों को करीब से देखने का आनंद ले सकेंगे। पर्यटन सत्र को देखते हुए प्रबंधन ने सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता दी है।




