19 साल बाद फिर लौटा शिवम पंडित, ‘आवारापन 2’ के ट्रेलर में इमरान हाशमी का दिखा दर्द, बदला और अंधेरा सफर

0
86
Share This Post

विशेष फिल्म्स ने रिलीज किया दमदार ट्रेलर। इमोशन, एक्शन और सस्पेंस से भरपूर कहानी में पुराने हिसाब चुकाने लौटे शिवम पंडित, 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म।

मुंबई: करीब 19 साल के लंबे इंतजार के बाद शिवम पंडित एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। इमरान हाशमी स्टारर मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘आवारापन 2’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसने फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह बढ़ा दिया है। ट्रेलर में शिवम का वही दर्द, गुस्सा और अधूरी कहानी नजर आती है, लेकिन इस बार उसका अंदाज पहले से ज्यादा खतरनाक दिखाई दे रहा है। वह अपने पुराने अतीत और अधूरे हिसाब को पूरा करने के मिशन पर लौट चुका है।

मौत से पुराना रिश्ता लेकर लौटा शिवम

ट्रेलर की शुरुआत से ही फिल्म का डार्क और इमोशनल टोन देखने को मिलता है। शबाना आजमी के किरदार का एक दमदार डायलॉग और उसके जवाब में शिवम का दर्द भरा अंदाज फिल्म की कहानी की गहराई को दिखाता है। इमरान हाशमी का किरदार एक बार फिर जिंदगी, मौत और अपने अतीत के बीच संघर्ष करता नजर आता है। ट्रेलर में बदला, बलिदान और खुद से लड़ाई की कहानी की झलक मिलती है।

एक्शन, इमोशन और सस्पेंस का जबरदस्त मिश्रण

‘आवारापन 2’ का ट्रेलर शिवम की अंधेरी दुनिया की झलक दिखाता है, जहां हर फैसला उसके लिए एक नई चुनौती लेकर आता है। फिल्म में जबरदस्त एक्शन सीक्वेंस के साथ इमोशनल मोमेंट्स भी देखने को मिलते हैं। फिल्म का बैकग्राउंड स्कोर और म्यूजिक पुराने ‘आवारापन’ की याद दिलाता है, जिसने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी।

दिशा पाटनी और शबाना आजमी के किरदार भी खास

फिल्म में दिशा पाटनी जारा के किरदार में नजर आएंगी, जो शिवम की जिंदगी में एक नया इमोशनल एंगल लेकर आती हैं। वहीं, शबाना आजमी का किरदार भी काफी अहम है। ट्रेलर में वह एक नेगेटिव शेड वाले किरदार में दिखाई दे रही हैं, जो कहानी को और दिलचस्प बनाता है। इसके अलावा फिल्म में कई नए कलाकार भी नजर आएंगे, जिनमें पूरन गब्बी, अनिरुद्ध रावल, सुरेंद्र विक्की, विजयंत कोहली और अतुल कुमार जैसे नाम शामिल हैं।

‘आवारापन 2’ के गानों ने पहले ही मचाई धूम

फिल्म का म्यूजिक भी दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। ट्रेलर में सुनाई देने वाला गाना ‘तेरा मेरा रिश्ता’ काफी पसंद किया जा रहा है। फिल्म के म्यूजिक एल्बम को मिथून, जीत गांगुली, अमाल मलिक, अखिल सचदेवा और वासिफ अहमद जैसे संगीतकारों ने तैयार किया है। वहीं ‘वे जुनून’, ‘ये आवारापन’ और ‘तो फिर आओ’ जैसे गाने रिलीज से पहले ही सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं।

14 अगस्त 2026 को रिलीज होगी फिल्म

मुकेश भट्ट और विशेष फिल्म्स के बैनर तले बनी ‘आवारापन 2’ का निर्माण विशेष भट्ट ने किया है। फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है, जबकि इसकी कहानी बिलाल सिद्दीकी ने लिखी है। इमरान हाशमी की यह मोस्ट अवेटेड फिल्म 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि 19 साल बाद लौटे शिवम पंडित को दर्शकों का कितना प्यार मिलता है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here