मोती की खेती से चमकेगा झारखंड! IITF-2026 में पर्ल फार्मिंग बनी आकर्षण का केंद्र, महिलाओं और युवाओं को मिलेंगे स्वरोजगार के अवसर
नई दिल्ली/रांची: भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन राज्य की समृद्ध प्राकृतिक संपदा, आधुनिक तकनीक और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की नई संभावनाओं को प्रदर्शित कर रहा है। मेले में झारखंड की मोती की खेती (Pearl Farming) विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। आधुनिक तकनीकों के जरिए मत्स्य पालन को बढ़ावा देने और ग्रामीणों को स्वरोजगार से जोड़ने की राज्य सरकार की पहल को आगंतुकों की सराहना मिल रही है।
मोती की खेती में आधुनिक तकनीक से बढ़ेगी कमाई
झारखंड सरकार राज्य में मत्स्य उत्पादन की संभावनाओं को बढ़ाने के लिए पारंपरिक तरीकों के साथ आधुनिक तकनीकों को भी प्रोत्साहित कर रही है। इसके तहत बायोफ्लॉक, केज कल्चर, मोती पालन और झींगा एवं मांगुर पालन को बढ़ावा दिया जा रहा है।
झारखंड पवेलियन में मत्स्य विशेषज्ञ बुधन सिंह पूर्ति ने मोती की खेती की संभावनाओं और आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य के लगभग सभी जिलों में मोती पालन का विस्तार हो रहा है। हजारीबाग को भारत सरकार की ओर से मोती पालन के विशेष क्लस्टर के रूप में विकसित किया गया है, जहां बड़े पैमाने पर यह कार्य किया जा रहा है। भविष्य में यहां अत्याधुनिक ब्रीड बैंक स्थापित करने की भी योजना है।
एक सीप में तैयार होंगे सात से आठ मोती
मोती उत्पादन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए अब पारंपरिक तकनीकों के साथ मेंटल ग्राफ्ट टिश्यू तकनीक अपनाई जा रही है। इस तकनीक के माध्यम से एक सीप में एक साथ सात से आठ मोती विकसित किए जा सकते हैं।
इसकी खासियत यह है कि इसमें बाहरी न्यूक्लियस का इस्तेमाल नहीं होता। विशेषज्ञ के अनुसार, इस तकनीक से तैयार मोतियों में 97 से 98 प्रतिशत तक शुद्ध कैल्शियम कार्बोनेट पाया जाता है। इससे मोती उत्पादन के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा हो रही हैं।
महिलाओं और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल
राज्य सरकार मत्स्य पालन को ग्रामीण आजीविका और रोजगार का मजबूत माध्यम बनाने की दिशा में भी काम कर रही है। इसके तहत महिलाओं और युवाओं को मछली बिक्री किट के साथ तीन एवं चार पहिया वाहन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि वे स्वरोजगार शुरू कर सकें।
इसके अलावा जलाशयों का विकास, बंद पड़ी खदानों में मत्स्य पालन और मछुआरों के लिए बीमा सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से भी आजीविका के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं।
महुआ के लड्डू और लाख की चूड़ियां भी लुभा रहीं आगंतुकों को
झारखंड पवेलियन में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां महुआ, साल पत्ता, इमली, लाख, शहद, बांस और केंदू पत्ता जैसे वन उत्पादों के जरिए राज्य की समृद्ध वन संपदा और ग्रामीण आजीविका को प्रदर्शित किया जा रहा है।
स्टॉल पर लाख से तैयार आकर्षक चूड़ियां और कंगन के साथ महुआ के लड्डू लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं। इन उत्पादों के प्रति आगंतुकों की रुचि झारखंड की पारंपरिक हस्तकला, स्थानीय उत्पादों और प्राकृतिक संसाधनों से मिलने वाले रोजगार के अवसरों को नई पहचान दे रही है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भरता को मिल रही नई पहचान
IITF-2026 में झारखंड की ये प्रस्तुतियां राज्य की बदलती आर्थिक तस्वीर को सामने ला रही हैं। मत्स्य पालन में नवाचार, मोती की खेती और वन उत्पादों के जरिए सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, महिलाओं एवं युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और आत्मनिर्भर झारखंड के लक्ष्य को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही है।



