
स्थापना दिवस पखवाड़ा: रांची में स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण और स्वरोजगार को लेकर कई कार्यक्रम आयोजित..
Ranchi: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत रांची जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, नशामुक्ति, कृषि विकास और महिला सशक्तीकरण से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन, पंचायती राज विभाग, उद्यान विभाग और झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के संयुक्त प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका और सामुदायिक विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है।
305 ग्राम पंचायतों में स्वास्थ्य जांच शिविर, ग्रामीणों की हुई जांच
पंचायती राज विभाग के निर्देश पर रांची जिले की सभी 305 ग्राम पंचायतों में चिकित्सा जांच शिविर लगाए गए। इनमें ग्रामीणों का ब्लड प्रेशर, मधुमेह और हीमोग्लोबिन परीक्षण किया गया। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया। साथ ही पोषण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
पारंपरिक पद धारकों और पंचायत प्रतिनिधियों को किया गया सम्मानित
जिले की सभी 18 पंचायत समितियों में पारंपरिक पद धारकों पहान, मुंडा, परगनैत, मांझी और महतो सहित पंचायत प्रतिनिधियों एवं सामाजिक अगुवाओं को सम्मानित किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारियों ने उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और पुष्पमाला भेंट कर सम्मान दिया।
इटकी में मधुमक्खी पालन का प्रशिक्षण, किसानों को मिलेगा स्वरोजगार
जिला उद्यान कार्यालय की ओर से इटकी प्रखंड में किसानों को मधुमक्खी पालन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य किसानों को आत्मनिर्भर बनाना और उनकी आय में वृद्धि करना है। प्रशिक्षण के बाद प्रत्येक लाभार्थी को 20 मधुमक्खी पालन बॉक्स, मधुमक्खियों सहित हाइव, शहद निकालने की मशीन और अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
JSLPS ने महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण आजीविका को दी नई गति
स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत JSLPS की ओर से जिले के विभिन्न प्रखंडों में महिला सशक्तीकरण, कृषि, पशुपालन और सामुदायिक संस्थाओं को मजबूत करने के लिए कई गतिविधियां आयोजित की गईं।
नगड़ी प्रखंड में नारो क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) की ओर से स्वयं सहायता समूहों (SHG) की शेयरधारक महिलाओं के बीच शेयर प्रमाणपत्र वितरित किए गए। इससे महिलाओं की सामुदायिक संस्थाओं में भागीदारी और स्वामित्व की भावना को बढ़ावा मिलेगा।
1,216 बकरियों का टीकाकरण, पशुपालकों को मिलेगा लाभ
पशुधन के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए जिले के विभिन्न प्रखंडों में बकरियों के डीवर्मिंग और टीकाकरण अभियान चलाए गए। इसके तहत कुल 1,216 बकरियों का टीकाकरण किया गया। इस पहल से पशुओं को संक्रामक बीमारियों से बचाने और पशुपालन आधारित ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
नशामुक्ति और जेंडर समानता को लेकर जागरूकता अभियान
CLF, ग्राम संगठन (VO) और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से जागरूकता रैली, पोषण पखवाड़ा और नुक्कड़ नाटक आयोजित किए गए। इनके जरिए ग्रामीणों को जेंडर समानता, स्वास्थ्य और नशामुक्ति का संदेश दिया गया। महिलाओं और सामुदायिक सदस्यों ने भी जागरूकता फैलाने की शपथ ली।
गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई, पोषण के प्रति किया जागरूक
विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में गर्भवती महिलाओं के लिए गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान महिलाओं और उनके परिजनों को संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, पोषण वाटिका के विकास और गर्भावस्था में उचित देखभाल की जानकारी दी गई।
SHG और ग्राम संगठनों के लिए 137 वित्तीय शिविर आयोजित
स्वयं सहायता समूहों और ग्राम संगठनों की वित्तीय व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 95 SHG कट-ऑफ तथा 42 ग्राम संगठन (VO) ट्रांजैक्शन शिविर आयोजित किए गए। इनका उद्देश्य वित्तीय अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण और पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।
1,425 लाभार्थियों का आधार आधारित e-KYC पूरा
सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के सत्यापन के लिए आधार आधारित e-KYC अभियान चलाया गया। इसके तहत कुल 1,425 लाभार्थियों का सत्यापन सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इससे पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहूलियत होगी।
ऑड्रे हाउस में सांस्कृतिक पखवाड़े का समापन, नागपुरी गीतों ने बांधा समां
झारखंड स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक पखवाड़ा 2026 का रविवार को रांची के ऑड्रे हाउस में रंगारंग समापन हुआ। दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव के अंतिम दिन नागपुरी गीत प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें रांची जिले के विभिन्न क्षेत्रों और स्कूलों से आए बच्चों ने नागपुरी एवं अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में गीत और वाद्य संगीत प्रस्तुत कर झारखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक दिखाई।
प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में प्रसिद्ध नागपुरी कलाकार शिव शंकर महली, मनपूरन नायक और देवदास विश्वकर्मा मौजूद रहे। जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह ने अतिथियों, अभिभावकों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कमल बोस ने किया।
समापन समारोह में निर्णायक मंडल के सदस्यों और अतिथियों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रांची जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों और अभिभावकों का मन मोह लिया।
स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने, किसानों को स्वरोजगार से जोड़ने और सामुदायिक संस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।



