बोकारो: पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करने पहुंचे एक व्यक्ति की शादी बोकारो पुलिस ने ऐन मौके पर रुकवा दी। मामला शहर के होटल वेस्टइन का है, जहां 25 नवंबर की रात दूसरी शादी की तैयारियां चल रही थीं। पति की दूसरी शादी की जानकारी मिलते ही पहली पत्नी मुस्कान कुमारी ने बीएस सिटी थाना पुलिस से हस्तक्षेप की गुहार लगाई थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शादी रुकवा दी।
2023 में हुई थी शादी, दहेज प्रताड़ना का लगाया आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, पटना के संपतचक निवासी मुस्कान कुमारी की शादी वर्ष 2023 में निवास कुमार वर्मा के साथ हुई थी। मुस्कान का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। उसके साथ मारपीट की गई और अंततः उसे घर से निकाल दिया गया। इस मामले को लेकर न्यायालय में मुकदमा भी चल रहा है।
दूसरी सगाई की जानकारी मिलने पर ससुराल पहुंची थी मुस्कान
मुस्कान के मुताबिक, 8 मई 2026 को उसे अपने पति की दूसरी सगाई की जानकारी मिली थी। इसके बाद जब वह अपने ससुराल पहुंची तो वहां उसके साथ दोबारा मारपीट की गई। इस घटना की शिकायत भी संबंधित थाने में दर्ज कराई गई थी।
होटल वेस्टइन में चल रही थी दूसरी शादी की तैयारी
इसी बीच मुस्कान को जानकारी मिली कि उसका पति 25 नवंबर की रात बोकारो के होटल वेस्टइन में दूसरी शादी करने जा रहा है। इसके बाद उसने बीएस सिटी थाना पुलिस को लिखित आवेदन देकर शादी रुकवाने की मांग की। शिकायत मिलने पर पुलिस होटल पहुंची और जांच के बाद शादी की प्रक्रिया रुकवा दी।
पुलिस की कार्रवाई से पहली पत्नी के परिजन असंतुष्ट
हालांकि, इस पूरे मामले में मुस्कान के माता-पिता सीमा वर्मा और योगेंद्र कुमार ने पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष जताया है। उनका आरोप है कि थाना प्रभारी की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। परिजनों का दावा है कि आरोपी को गिरफ्तार करने के बजाय मौके से जाने दिया गया। उन्होंने थाने में आवेदन देने के दौरान भी परेशानी होने की बात कही है।
डीएसपी सिटी ने क्या बताया?
वहीं, डीएसपी सिटी राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस को डायल 112 के माध्यम से मामले की सूचना मिली थी। जांच के दौरान पुलिस ने लड़की पक्ष को जानकारी दी कि संबंधित युवक पहले से शादीशुदा है और उसके खिलाफ पटना के गौरीचक थाना में दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज है। इसके बाद दूसरी शादी करने जा रहे लड़की पक्ष ने विवाह से इनकार कर दिया।





